राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/सिंगरौली। कांग्रेस विधायक और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य आरिफ मसूद अपने पहले सिंगरौली दौरे पर पहुंचे हैं। ट्रेन लेट होने के कारण वे करीब 6 घंटे की देरी से बैढ़न पहुंचे, जहां स्थानीय स्तर पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन पर बैढ़न के बिलौंजी स्थित अटल सामुदायिक भवन में एक विशाल ‘मुस्लिम एकता सम्मेलन’ का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं और प्रतिनिधियों ने शिरकत की। इस सम्मेलन में समुदाय से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ जिले की बुनियादी समस्याओं पर लंबी और गंभीर चर्चा हुई।
ये भी पढ़ें: सीएम डॉ. मोहन यादव ने नेता प्रतिपक्ष को लिया आड़े हाथ, कहा- अराजकता फैला रहे राहुल गांधी
सिंगरौली को लेकर सरकार पर तीखा हमला
सिंगरौली पहुंचते ही विधायक आरिफ मसूद ने प्रदेश सरकार पर कड़े प्रहार किए। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सिंगरौली पूरे मध्य प्रदेश को सबसे ज्यादा राजस्व (रेवेन्यू) देता है, लेकिन विकास के मामले में यह जिला आज भी पूरी तरह उपेक्षित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी आर्थिक ताकत होने के बावजूद यहां की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रही है।
आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरा
सम्मेलन और मीडिया से बातचीत के दौरान आरिफ मसूद ने आरक्षण के मुद्दे पर भी मौजूदा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस की सरकार ने समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए आरक्षण दिया था, लेकिन मौजूदा सरकार कोर्ट में अपना पक्ष पूरी मजबूती और प्रभाव के साथ रखने में नाकाम साबित हुई है, जिसके चलते आज यह स्थिति पैदा हुई है।
ये भी पढ़ें: बाबा रामपाल को न मानने पर ‘सजा-ए-मौत’, पति ने 11 बार पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मौत से पहले पिता को फोन कर…
विधानसभा सत्र में गूंजेगी सिंगरौली की आवाज
दौरे के दौरान विधायक आरिफ मसूद ने स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं को पूरा भरोसा दिलाया है कि वे सिंगरौली की हर प्रमुख समस्या और आम जनता की आवाज को आगामी विधानसभा सत्र में पूरी ताकत और प्रमुखता से उठाएंगे, ताकि इस क्षेत्र के विकास का रास्ता साफ हो सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

