NEET-UG री-एग्जाम 21 जून को आयोजित होने जा रहा है। परीक्षा से पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने छात्रों के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है। केजरीवाल ने अपने X हैंडल के जरिए छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि एक महीने के भीतर दो बार परीक्षा देना कोई आसान काम नहीं है। उन्होंने छात्रों की मेहनत और मानसिक दबाव का जिक्र करते हुए उन्हें आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि NEET-UG जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की तैयारी के बाद दोबारा परीक्षा देना छात्रों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन उन्हें धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल होना चाहिए।

उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो जारी कर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। केजरीवाल ने कहा कि वह जानते हैं कि छात्रों ने काफी मुश्किलों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि एक महीने के अंदर दो बार परीक्षा देना आसान नहीं होता। एक बार NEET जैसी परीक्षा की तैयारी और उसे देना ही बड़ी चुनौती होती है, ऐसे में दोबारा परीक्षा देना और भी कठिन है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि अब पुरानी बातों को पीछे छोड़कर पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई करें और शांत मन से परीक्षा दें। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि छात्र अच्छा प्रदर्शन करेंगे और NEET में सफल होकर अच्छे डॉक्टर बनेंगे। उन्होंने अपने संदेश में छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आप सब लोगों को ऑल द बेस्ट।”

NEET-UG परीक्षा विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।केजरीवाल ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए NEET-UG परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार के इस कदम को हास्यास्पद बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले टेलीग्राम ऐप पर प्रतिबंध लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। केजरीवाल ने पेपर लीक जैसे मामलों को रोकने के लिए व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर जोर दिया।

 ‘इनकी नीयत ही खराब है’

अपने एक्स हैंडल पर जारी वीडियो में केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए टेलीग्राम को बैन कर दिया, लेकिन इससे समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने इस कदम को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। केजरीवाल ने कहा, “सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए टेलीग्राम बैन कर दिया। हंसी नहीं आती आपको सुनकर। पहले बोले कि हम पेपर एयरफोर्स के हवाई जहाज से ट्रांसपोर्ट करवाएंगे। अब कह रहे हैं कि टेलीग्राम बैन कर दिया, इससे कोई पेपर लीक रुकेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा पेपर लीक रोकने की नहीं है और व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पेपर लीक का मामला बहुत बड़ा नेटवर्क बन चुका है और इसे रोकने के लिए पूरी व्यवस्था में बदलाव की जरूरत है। केजरीवाल ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि पेपर लीक का धंधा “अरबों-खरबों रुपये का” है और इसका पैसा बड़े स्तर तक पहुंचता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी पैसे का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मैंने पहले ही बोला था कि पेपर लीक का धंधा अरबों-खरबों रुपये का है और पैसा टॉप तक पहुंचता है।” केजरीवाल ने दावा किया कि जब तक पेपर लीक पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जाएगी, तब तक यह समस्या खत्म नहीं होगी। उन्होंने छात्रों और आम लोगों से व्यवस्था में बदलाव के लिए आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सिर्फ टेलीग्राम बैन करने जैसे कदमों से पेपर लीक नहीं रुकेगा, बल्कि इसके लिए मजबूत व्यवस्था और सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

NEET-UG री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा को प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के चलते रद्द कर दिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद अब एनटीए दोबारा परीक्षा कराने जा रहा है। री-नीट एग्जाम को लेकर देशभर में परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m