कुंदन कुमार/ पटना। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने राज्य में बढ़ती पुलिसिया सख्ती और अपराधियों के खिलाफ की जा रही कठोर कार्रवाई पर अपनी स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का रुख हमेशा से सख्त रहा है और इसमें कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
नीतीश-सम्राट का ‘नो कॉम्प्रोमाइज’ फॉर्मूला
अशोक चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि, “हमारे नेता नीतीश जी ने कभी भी अपराध और अपराधियों के साथ कोई समझौता नहीं किया है।” उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पुलिस जिस तरह से अपराधियों पर नकेल कस रही है, वह पूरी तरह से सही और सराहनीय है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि राज्य में कानून का राज सर्वोपरि है और उपद्रवियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
राहुल गांधी की टिप्पणी पर जताई नाराजगी
इसी दौरान, अशोक चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने राहुल गांधी के रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह उनकी राजनीति का गलत तरीका है। मंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी विदेश में भारत का मान बढ़ा रहे हैं और उन्हें दुनिया भर में सर्वोच्च सम्मान मिल रहा है, जो देश के लिए गर्व की बात है। ऐसी स्थिति में राहुल गांधी का अनावश्यक और अमर्यादित बयान देना कहीं से भी उचित नहीं है। यह उनकी बचकानी और गलत हरकत को दर्शाता है, जिसे देश स्वीकार नहीं करेगा।

