Conclusion of the 2026 Asian Games: जापान के आइची-नागोया में करीब दो सप्ताह तक चला खेलों का महाकुंभ रविवार को रंगारंग समापन समारोह के साथ खत्म हो गया। 20वें एशियन गेम्स के आखिरी दिन भारतीय दल की अगुआई निशानेबाज नीरू ढांडा ने की। दो गोल्ड और एक सिल्वर समेत तीन पदक जीतने वाली नीरू ने क्लोजिंग सेरेमनी में तिरंगा थामकर देश का प्रतिनिधित्व किया।
नागोया सिटी के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित समारोह में विभिन्न देशों के खिलाड़ी अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ शामिल हुए। जापान की संस्कृति और आधुनिक प्रस्तुति के मेल ने समारोह को खास बनाया।
तीन पदक जीतने वाली नीरू ने किया भारत का नेतृत्व
एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाली नीरू ढांडा को समापन समारोह के लिए भारत का ध्वजवाहक चुना गया था। उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग में गोल्ड जीता। इसके बाद टीम इवेंट में सिल्वर और मिक्स्ड टीम ट्रैप में एक और गोल्ड अपने नाम किया।
इस तरह नीरू के खाते में प्रतियोगिता के दौरान कुल तीन पदक आए। दो गोल्ड और एक सिल्वर के इस प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय दल की ओर से क्लोजिंग सेरेमनी में तिरंगा थामने का सम्मान मिला।
2030 में दोहा में होगा अगला एशियन गेम्स

समापन समारोह के दौरान एशियन गेम्स की मेजबानी का प्रतीकात्मक हस्तांतरण भी हुआ। OCA (Olympic Council of Asia) का झंडा कतर के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। अब 21वें एशियन गेम्स की मेजबानी दोहा करेगा। कतर इससे पहले 2006 में एशियन गेम्स की मेजबानी कर चुका है। 2030 में दोहा दूसरी बार इस महाद्वीपीय खेल आयोजन का मेजबान बनेगा।
85 पदकों के साथ चौथे नंबर पर रहा भारत
भारत ने आइची-नागोया एशियन गेम्स का अभियान 85 पदकों के साथ समाप्त किया। इनमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज शामिल रहे। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। उज्बेकिस्तान ने भी 21 गोल्ड जीते, लेकिन कुल पदकों की संख्या में भारत आगे रहा, जिससे भारतीय दल को चौथा स्थान मिला।
भारत से आगे चीन, जापान और दक्षिण कोरिया रहे। चीन ने 169 गोल्ड समेत 341 पदक जीतकर तालिका में पहला स्थान हासिल किया। जापान के खाते में 83 गोल्ड, 95 सिल्वर और 91 ब्रॉन्ज, यानी कुल 269 पदक आए। दक्षिण कोरिया ने 39 गोल्ड, 43 सिल्वर और 68 ब्रॉन्ज समेत कुल 150 पदक जीते।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

