Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के स्क्वाड में बदलाव किया गया है। स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह युवा स्पिन ऑलराउंडर विप्रज निगम को स्क्वाड में शामिल किया गया है। बाकी टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है। सीरीज के पहले मैच में ही वरुण चक्रवर्ती चोटिल हो गए थे। इसके बाद वे मौजूदा सीरीज से बाहर हो गए। अब चोट के चलते उन्हें एशियन गेम्स की टीम से भी बाहर कर दिया गया है।

दो महीने पहले भी चोटिल हुए थे वरुण

वरुण चक्रवर्ती के लिए यह लगातार दूसरी चोट है। करीब दो महीने पहले भी वे चोट के कारण क्रिकेट से दूर हुए थे। फिट होने के बाद उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच से वापसी की, लेकिन सिर्फ चार ओवर गेंदबाजी करने के बाद फिर चोटिल हो गए।

अब उन्हें दोबारा मैदान पर लौटने में कितना समय लगेगा, यह उनकी रिकवरी पर निर्भर करेगा। फिलहाल उनका एशियन गेम्स से बाहर होना तय है।

पहली बार भारतीय टीम में शामिल हुए विप्रज

वरुण की जगह विप्रज निगम को भारतीय स्क्वाड में जगह मिली है। यह पहली बार है जब उन्हें सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है। हालांकि एशियन गेम्स में उन्हें प्लेइंग-11 में मौका मिलेगा या नहीं, यह टीम मैनेजमेंट के फैसले पर निर्भर करेगा।

विप्रज आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं। दिल्ली ने उन्हें 2025 में अपनी टीम में शामिल किया था। अपने पहले आईपीएल सीजन में उन्होंने 14 मैच खेले और 11 विकेट लिए। 2026 में उन्हें पांच मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने दो विकेट हासिल किए।

दिल्ली की टीम में कुलदीप यादव और अक्षर पटेल जैसे प्रमुख स्पिनर होने के कारण विप्रज को प्लेइंग-11 में नियमित मौका नहीं मिल पाया। इसके बावजूद वे टीम के लिए उपयोगी विकल्प बने हुए हैं।

19 IPL मैचों में 157 रन भी बनाए

विप्रज निगम ने अब तक आईपीएल में कुल 19 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 157 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में उनके नाम 13 विकेट हैं।

अब भारतीय टीम में पहली बार शामिल होने के बाद उनके पास खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित करने का मौका है।

एशियन गेम्स के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वाड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर और विप्रज निगम।

भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज के बाद भारतीय टीम जापान के लिए रवाना होगी। एशियन गेम्स में टीम इंडिया सीधे क्वार्टर फाइनल मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H