IND W vs JPN W, Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत कल जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले से करेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम की नजरें जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होंगी। खास बात यह है कि मुकाबला शाम के समय नहीं, बल्कि सुबह खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच सुबह 10:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 10 बजे होगा।

टूर्नामेंट में अब तक दो टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। बांग्लादेश और पाकिस्तान अंतिम चार में पहुंच चुके हैं। बांग्लादेश और चीन के बीच मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। ऐसे में बेहतर रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश को अगले दौर में प्रवेश मिला।

वहीं, पाकिस्तान और थाईलैंड के बीच मुकाबला भी बारिश से प्रभावित रहा और इसे घटाकर 11 ओवर का कर दिया गया। पाकिस्तान ने आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

सुबह होगा भारत का मुकाबला

भारत और जापान के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला 18 सितंबर को सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इससे पहले सुबह 10 बजे टॉस होगा। इससे पहले दिन का पहला मुकाबला श्रीलंका और मलेशिया के बीच सुबह 5:30 बजे से खेला जाएगा।

आमतौर पर भारतीय दर्शक क्रिकेट के टी20 मुकाबले शाम के समय देखने के आदी हैं, लेकिन एशियन गेम्स में भारत का यह मैच सुबह होगा। ऐसे में अगर आप मुकाबला लाइव देखना चाहते हैं तो समय का ध्यान रखना जरूरी है। मैच सुबह 10:30 बजे शुरू होकर दोपहर करीब 1 बजे तक चल सकता है।

जीतते ही सेमीफाइनल में पहुंचेगा भारत

एशियन गेम्स में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। इसलिए भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जापान के खिलाफ सिर्फ यह मुकाबला जीतना होगा।

अगर हरमनप्रीत कौर की टीम जापान को हराकर अंतिम चार में पहुंचती है तो भारत का सेमीफाइनल मुकाबला 22 सितंबर, मंगलवार को खेला जाएगा। सेमीफाइनल में जीत दर्ज करने वाली टीम का पदक पक्का हो जाएगा और इसके बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

कहां देख सकते हैं भारत बनाम जापान मैच?

भारत और जापान के बीच होने वाला महिला क्रिकेट का यह मुकाबला टीवी पर Sony Sports Network पर लाइव देखा जा सकेगा। वहीं मोबाइल, स्मार्ट टीवी या अन्य डिजिटल डिवाइस पर मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप पर उपलब्ध होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H