रायगढ़/चंद्रपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर, चंद्रपुर में आस्था और सेवा का एक अनूठा संगम देखने को मिला। अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक सरोकार इकाई अदाणी फाउंडेशन की ओर से मंदिर परिसर में 11 से 19 अक्टूबर तक नौ दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं प्राथमिक उपचार शिविर का आयोजन कर मेले में देश-प्रदेश से पहुंचे कुल 687 श्रद्धालुओं को त्वरित, सुलभ और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें 504 पुरुष और 183 महिलाएं शामिल रहीं।
यह भी पढ़ें: सेबी ने अवधूत साठे को दिया निवेशकों को 546 करोड़ रुपए वापस करने का आदेश, 11.5 करोड़ रुपए का लगाया जुर्माना
इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डभरा तहसीलदार आशीष पटेल, चंद्रपुरनगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन, मंडल अध्यक्ष तिलेस माली, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहन विश्वकर्मा, जिला समन्वयक दिनेश नायक, एल्डरमैन गौरी शंकर गुप्ता एवं गिरजा यादव तथा मंदिर न्यास के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

शिविर में डॉ. उरांव के कुशल मार्गदर्शन में समर्पित मेडिकल टीम ने चौबीसों घंटे अपनी सेवाएं दीं। महानदी के तट पर उमड़े जनसैलाब के बीच श्रद्धालुओं को न केवल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श मिला, बल्कि आवश्यक दवाइयों का भी मुफ्त वितरण किया गया।
शिविर में लंबी दूरी तय कर पहुंचे 187 मरीजों को तात्कालिक राहत दी गई। इसके अलावा सर्दी, खांसी और मौसमी बुखार के 136 मरीजों का उपचार किया गया। वहीं, सफर और उपवास के कारण थके 130 मरीजों को भी मेडिकल सपोर्ट मिला। साथ ही, 106 मरीजों की बीपी, शुगर और घाव की ड्रेसिंग की गई, जबकि त्वचा रोग के 62 और गैस्ट्रो के 44 मरीजों का भी निदान हुआ।

मालूम हो कि महानदी, मांड नदी और लात नदी के पवित्र संगम पर स्थित माँ चंद्रहासिनी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार अदाणी फाउंडेशन के इस सेवा शिविर का लाभ न केवल चंद्रपुर और आसपास के ग्रामीणों को मिला, बल्कि रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित पड़ोसी राज्य ओडिशा से आए दर्शनार्थियों ने भी इस ऑन-स्पॉट स्वास्थ्य सेवा की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन गोपाल जी महाप्रभु एवं चन्द्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास के समन्वय और स्व. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति मेमोरियल सर्विस फाउंडेशन, चंद्रपुर के संचालन सहयोग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नगर पंचायत चंद्रपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन ने कहा कि नवरात्रि मेले में उमड़ने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में अदाणी फाउंडेशन का यह शिविर जनसेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं, चंद्रहासिनी देवी मंदिर न्यास के ट्रस्टी सुजीत पाण्डेय ने कहा कि मंदिर आने वाले गरीब और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही जो मुफ्त इलाज और दवाएं मिली हैं, उससे लोगों की यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

