नवीन शर्मा ,हांसी | हांसी के त्रिकोणा पार्क क्षेत्र में गोलगप्पा विक्रेता हरीश के साथ हुई मारपीट के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के दो दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। धरने को व्यापार मंडल और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेताओं का भी समर्थन मिला।
धरने पर बैठे परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डीएसपी और शहर थाना प्रभारी भी पहुंचे तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
लाठी-डंडों से पीटकर जान लेने की कोशिश की
परिजनों का आरोप है कि हरीश पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। आरोपियों ने त्रिकोणा पार्क के पास उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उनका कहना है कि हरीश ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर हमला जारी रखा।
हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग
बसपा नेता रविंद्र बग्गा और अधिवक्ता मलकीत रग्गा ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी जानी चाहिए। उनका आरोप है कि पुलिस अब तक अपेक्षित कार्रवाई करने में विफल रही है, जिससे पीड़ित परिवार में भारी रोष है।
पुलिस जांच जारी
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और धाराओं में बढ़ोतरी की मांग को लेकर परिजन धरने पर डटे हुए हैं।

