Bihar News: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन और गयाजी जिले के बाराचट्टी से विधायक ज्योति देवी के काफिले पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। यह हमला रविवार की बीती रात उनके विधानसभा क्षेत्र बाराचट्टी में ही हुआ है। इस मामले में हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने राजद सुप्रीमो लालू यादव और तेजस्वी यादव के समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
जानें क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार यह विवाद उस समय हुआ जब हम विधायक ज्योति देवी एक कार्यक्रम से लौट रही थीं। इस दौरान बाराचट्टी में कुछ असामाजिक तत्वों ने उनका रास्ता रोक लिया। हम प्रवक्ता के अनुसार लाठी-डंडों से लैस असामाजिक तत्वों ने विधायक के साथ दुर्व्यवहार किया, गालियां दीं और जान से मारने का प्रयास किया। जब विधायक के अंगरक्षकों (बॉडीगार्ड्स) ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरा विवाद वाहन को साइड देने को लेकर हुआ था। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि,विधायक के सुरक्षा गार्ड और विरोध कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
कई के खिलाफ नामजद FIR दर्ज
हम प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने एफआईआर की कॉपी दिखाते हुए कथित हमलावरों के नाम भी गिनाए, जिनके खिलाफ उन्होंने मामले में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में पलटू यादव (पिता- अंतू यादव), सुनील यादव, दीपक यादव, और सीता यादव (पिता- नारायण यादव) सहित दर्जनों अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
टकराओगे तो चूर-चूर हो जाओगे
हम प्रवक्ता ने इस हमले को राजद की गुंडागर्दी करार दिया। उन्होंने लालू और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि, RJD के लोगों में इस बात का अहंकार है कि जो दलित लालू प्रसाद के चरणों में रहेगा, वही राजनीति करेगा और जो उनसे आंख मिलाकर बात करेगा, उसे राजनीति नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने राजद को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि, जीतन राम मांझी नाम है… हमारा याद रखना… टकराओगे तो चूर-चूर हो जाओगे।
ये भी पढ़ें- ‘बगावत करने वालों की लंबी लिस्ट’, नीतीश को जिंदा दफन कर देने वाले बयान पर राजद की बड़ी प्रतिक्रिया

