Bihar News: पूर्व सांसद आनंद मोहन द्वारा जदयू को थैली पार्टी और नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर देने वाले बयान पर बिहार की सियासत गर्म है। एक तरफ जहां, जदयू के नेता आनंद मोहन पर के बयान पर हमलावर हैं। वहीं, अब विपक्षी दल राजद ने भी जदयू और बीजेपी की सरकार पर हमला बोला है। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा है कि, बीजेपी और जेडीयू में कुछ भी ठीक नहीं है।
समाप्ति के कगार पर जदयू- मृत्युंजय तिवारी
वहीं, आनंद मोहन के यह कहने पर की जदयू में कुछ लोग पैसा लेकर मंत्री बना रहे हैं, या उन्हीं को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो पैसा दे रहे हैं। इसपर राजद प्रवक्ता ने कहा कि, अब सारी पोल तो जदयू के नेता ही खोल रहे हैं। अभी तो एक व्यक्ति आए हैं, अभी लंबी फेहरिस्त है। उन्होंने दावा किया कि, अभी और बहुत से लोग बगावत करने वाले हैं। जदयू समाप्ति के कगार पर है। कुछ दिनों में वह टुकड़ों में बंट जाएगी।
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, बीजेपी-जेडीयू में अंदरखाने कुछ भी ठीक नहीं है। तेजस्वी यादव ने भविष्यवाणी कर दी है कि यह सरकार ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है। आगे-आगे देखिए होता है क्या?
जदयू का भाजपा में विलय- राजद
वहीं, जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह द्वारा सीएम सम्राट चौधरी को नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी बताने के सवाल पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, ये बात तो हम लोग लगातार कह रहे हैं कि जदयू का भाजपा में विलय हो गया है। कुछ लोग जो जदयू में हैं, उनकी आत्मा में बीजेपी बसती है। कौन किसका उत्तराधिकारी है? कौन नहीं है? लेकिन बीजेपी में विलय की तैयारी है।
पीएम की विदेश यात्रा पर कसा तंज
वहीं, पीएम मोदी द्वारा की गई अपील पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, पूरा विपक्ष और देश की जनता देख रही है कि प्रधानमंत्री किस तरह से अपील कर रहे हैं कि पेट्रोल-डीजल बचाइए, सोना मत खरीदिए, ईंधन बचाइए, यात्रा मत करिए और खुद विदेश घूम रहे हैं। राजद प्रवक्ता ने कहा कि उनकी कथनी और करनी में अंतर है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि, प्रधानमंत्री जी अच्छे दिन कह रहे थे, आपके अच्छे दिन तो आ गए विदेश घूमने के… लेकिन देश की जनता विदेश नहीं जा सकती, सोना नहीं खरीद सकती, गाड़ियों पर नहीं घूम सकती, यही इनके अच्छे दिन हैं।
ये भी पढ़ें- ‘ऐसी कोई ताकत नहीं, जो हमारे नेता को दफन कर दे’, आनंद मोहन के बयान पर लेशी सिंह का तगड़ा पलटवार

