कुंदन कुमार, पटना। पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन द्वारा जदयू को थैली पार्टी कहने पर बिहार का सियासी पारा हाई है। खासकर जदयू के नेता और मंत्री आनंद मोहन के इस बयान पर जमकर पलटवार करते हुए नजर आ रहे हैं। आनंद मोहन के इस बयान पर बिहार सरकार में भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि, हमारे नेता नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सवाल खड़े कर रहे लोगों से मैं कह देना चाहती हूं कि नीतीश कुमार के साथ पूरा बिहार खड़ा है। नीतीश कुमार हमारे नेता हैं, उनका नेतृत्व सक्षम हैं। उनके नेतृत्व उनके निर्णय को सब लोग मानते हैं, उन पर चलते हैं।
‘दुनिया में किसी के पास ऐसी ताकत नहीं’
लेशी सिंह ने कहा कि, जिस बयान का जिक्र आप (आनंद मोहन) कर रहे हैं, उससे आप अपने नेतृत्व और सक्षमता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। हमारे नेता को चुनौती दे रहे हैं। नेतृत्व पर चुनौती दे रहे हैं। पूरे दुनिया में किसी के पास कोई ताकत नहीं है, जो हमारे नेता को जिंदा दफन कर दें। हमारे नेता के नेतृत्व में पार्टी के एक-एक नेता एक-एक कार्यकर्ता उनके निर्णय को मानते हैं।
आनंद मोहन के इस बयान पर मचा है हंगामा
गौरतलब है कि कल सीतामढ़ी पहुंचे पूर्व सांसद आनंद मोहन ने भाजपा और जदयू को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि, नीतीश कुमार ने जिस दौर से जदयू को बनाने से लेकर यहां लाने तक का काम किया है, आज जाकर देखिये जिंदा उनको दफन कर दिया गया। कहीं पर भी नीतीश कुमार का चेहरा नहीं दिख रहा है। मंच पर शपथ ग्रहण हो रहा था। नीतीश कुमार भी वहां मौजूद थे, 85 एमएलए के साथ व्यक्ति खड़ा था, लेकिन बैनर पोस्टर में उनकी तस्वीर तक नहीं थी।
पूरे एनडीए को डूबो दिया- आनंद मोहन
आनंद मोहन ने सवाल उठाते हुए कहा कि, आज बैनर पोस्टर में नीतीश कुमार का फोटो क्यों नहीं लग रहा है। यह बड़ा सवाल है? उनके सहयोगी क्या कर रहे हैं? वे आवाज क्यों नहीं उठाते हैं? नीतीश कुमार को बैनर पोस्टर से क्यों अलग कर दिया गया? नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर दिया गया। किसने इस षड्यंत्र को अंजाम दे दिया? उन्होंने कहा कि, आनंद मोहन अंजाम की परवाह नहीं करता है, काम शेर करता है, अंजाम बुजदिल सोचता है। आज इन लोगों ने जेडीयू का बोरिया बिस्तर नहीं समेटा है, पूरे एनडीए को डूबा दिया है। उन्होंने कहा कि, टाईगर अभी जिंदा है सिंह इज किंग।
जदयू को बताया थैली पार्टी
वहीं, जदयू विधायक और उनके बेटे चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर सवाल किया गया तो आनंद मोहन ने कहा कि, जदयू अब थैली की पार्टी हो गई है। नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाकर थैली की राजनीति धड़ल्ले से की जा रही है। पूर्व सांसद के इस बयान से बिहार में सियासी हलचल तेज है। गौरतलब है कि जदयू से आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद सांसद और उनके बेटे चेतन आनंद जदयू से विधायक हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार को कम न समझें… पंजाब के सांसद को मंत्री संतोष सुमन का करारा जवाब, एनकाउंटर पर भी कही बड़ी बात

