कुंदन कुमार/पटना। बिहार में हाल के दिनों में हुए लगातार पुलिस एनकाउंटरों पर सूबे के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि बिहार में पूरी तरह से ‘कानून की सरकार’ काम कर रही है। राज्य की शांति व्यवस्था और कानून के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। जो लोग भी कानून तोड़ने की जुर्रत करेंगे, उनके खिलाफ प्रशासन इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगा।

​अपराधियों का मनोबल तोड़ना जरूरी

​मंत्री संतोष सुमन ने पुलिस की कार्रवाई का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि अपराधियों पर इस तरह की सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है। ऐसी कार्रवाई से ही अपराधियों का मनोबल टूटेगा और उनमें कानून का खौफ पैदा होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार के इस कड़े रुख के बाद बिहार में अपराध की घटनाओं में भारी कमी आएगी और आम जनता खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेगी। राज्य सरकार प्रदेश में भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

​पंजाब सांसद के बयान पर तीखा पलटवार

​वहीं, पंजाब के एक सांसद द्वारा दिए गए उस विवादास्पद बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि बिहार और बंगाल जैसी स्थिति पंजाब में नहीं होने देंगे, मंत्री सुमन ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सांसद ने यह बात किस संदर्भ और मानसिकता में कही है, इसकी उन्हें पूरी जानकारी नहीं है। लेकिन वे इतना जरूर जानते हैं कि बिहार कई सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास के मामलों में पंजाब से कहीं बेहतर स्थिति में है। किसी भी राज्य को बिहार पर इस तरह की टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।