प्रवीण साहू, अभनपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई के दौरान बड़ा बवाल हो गया। थाने में हंगामा होने के बाद जब पुलिस आरोपी को पकड़कर ले जा रही थी तो उसके परिजनों और समर्थकों ने बीच रास्ते पुलिस वाहन रोककर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित जेल रवाना किया। अब हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

आरोपी के परिजनों ने थाने में किया हंगामा

जानकरी के अनुसार, गोबरा नवापारा थाना के नामी हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के विरुद्ध कलेक्टर रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे केंद्रीय कारागार रायपुर में निरुद्ध रखने का आदेश पारित किया गया था। उक्त आदेश के पालन के लिए आज एक बस पुलिस बल के साथ गोबरा नवापारा पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने लाई और जेल ले जाने से पूर्व कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही थी। इसी दौरान लल्ला के परिजनों सहित लगभग 10 महिलाएं और आधा दर्जन के करीब पुरुष थाने पहुंच गए।

सड़क पर वाहन रोककर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश

थाने में लल्ला, उसके परिजन और समर्थक लगातार गाली-गलौज करते हुए कार्रवाई को गलत बताते हुए बवाल करने लगे। किसी तरह स्थिति को नियंत्रित कर पुलिस लल्ला को केंद्रीय जेल रायपुर दाखिल कराने के लिए रवाना हुई। लेकिन रास्ते में ग्राम बजरंगपुर के पास उसके परिजनों और समर्थकों ने दो-तीन चारपहिया वाहनों को बीच सड़क पर लगाकर पुलिस वाहन को जबरन रोक लिया और उसमें बैठे लल्ला को छुड़ाकर ले जाने का प्रयास किया। उनकी इस हिम्मत से हैरान पुलिस बल ने सभी पर बल प्रयोग कर लल्ला को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।

पुलिस से शुरू की कार्रवाई

इसके बाद सभी आरोपियों और उनसे संबंधित सभी वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस वापस थाना आई और समाचार भेजे जाने तक सभी के विरुद्ध विधिवत अपराध दर्ज कर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

आरोपी लल्ला के खिलाफ 13 आपराधिक मामले हैं दर्ज

बता दें कि आरोपी लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध वर्ष 2010 से अब तक 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। प्रकरण भारतीय दंड विधान, आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत पंजीबद्ध किए जाकर विभिन्न न्यायालयों में अभियोग पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। इसके अलावा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के 11 प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया तथा बाउंड ओवर कराकर न्यायालय से समय-समय पर प्रतिबंधित कराया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H