पानीपत। शहर के नूरवाला क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में मजदूरों से भरा ऑटो डायल-112 पुलिस वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में ऑटो चालक सहित कई मजदूर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो मजदूरों के पैरों में फ्रैक्चर पाए जाने पर उन्हें करनाल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घायल मजदूरों पवन, कप्तान, रजत और प्रेम सिंह ने बताया कि वे नूरवाला अड्डे से ऑटो में सवार होकर अपनी फैक्टरी जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही डायल-112 की गाड़ी ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। मजदूरों का आरोप है कि पुलिस वाहन गलत दिशा से आ रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को ऑटो से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, डायल-112 के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे। घायलों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई से बचने के लिए उनसे कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवाए और इलाज कराने का आश्वासन दिया।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों ने सड़क सुरक्षा और पुलिस वाहनों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।