मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. शहर के सिविल लाइन पुलिस चौकी क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है. भाजपा के मिल्कीपुर से पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने पुलिस के व्यवहार पर नाराजगी जताई है. मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के सिविल लाइन चौकी का है, जहां देर रात पूर्व विधायक के परिवार और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई.बताया जा रहा है कि बाबा गोरखनाथ का परिवार सिविल लाइन स्थित एक होटल में आया हुआ था. नगर पालिका के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर सिविल लाइन चौकी इंचार्ज और परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने पूर्व विधायक के परिवार से दुर्व्यवहार किया.

विवाद की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ मौके पर पहुंच गए. इस दौरान पुलिस और उनके बीच भी तीखी नोकझोंक हुई. मौके पर पहुंचे तीन अन्य युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. घटना की जानकारी पर सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी और नगर कोतवाल मनोज शर्मा भी मौके पर पहुंचे. बाबा गोरखनाथ ने कहा कि “मैं अपनी सरकार में कानून व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाऊंगा, लेकिन चौकी इंचार्ज को अपना व्यवहार सुधारना होगा.” घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और पूर्व विधायक के परिवार के बीच तीखी नोकझोंक साफ दिखाई दे रही है.

इसे भी पढ़ें : रामपुर में आजम खान के समर्थन में पोस्टर वार, लिखा- ‘जेल के ताले टूटेंगे, आजम खान छूटेंगे’

वहीं, कोतवाली प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि वे डीआईजी के यहां सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के साथ जा रहे थे. पत्रकार चौराहा और शान-ए-अवध होटल के बीच गाड़ी खड़ी होने के कारण उन्हें पटरी बदलकर जाना पड़ा. उन्होंने गाड़ी हटाने की बात सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज संतोष सिंह से कही थी.करीब 20 मिनट बाद लौटने पर गाड़ी किनारे लगी मिली, लेकिन तीन युवक पुलिस को गाली दे रहे थे. आरोपियों को पकड़कर शांति भंग में चालान किया गया है. मेडिकल रिपोर्ट में युवकों के शराब पीने की पुष्टि भी हुई है. पुलिस के मुताबिक, विधायक के भाई के साथ परिवार में महिलाएं होने के कारण उन्हें नहीं रोका गया और जाने दिया गया.फिलहाल मामला पुलिस के व्यवहार और वाहन पार्किंग को लेकर शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.