अयोध्या. रामपुर स्थित मौलाना जौहर अली विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को अयोध्या में जोरदार प्रदर्शन किया. पूर्व मंत्री पवन पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग की.
इसे भी पढ़ें- तालाब की जमीन पर चला बुलडोजर! फतेहपुर में प्रशासन का बड़ा एक्शन, अवैध कब्जाधारियों में मचा हड़कंप
‘अनियमितता हो तो सुधार करें, इमारतें न गिराएं’
सपा नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि यदि विश्वविद्यालय में किसी प्रकार की अनियमितता या कमी पाई गई है तो नियमानुसार उसे सुधारा जाए या जुर्माना लगाया जाए, लेकिन शिक्षा संस्थान के भवनों को गिराना उचित नहीं होगा. उनका कहना था कि इस कार्रवाई से हजारों छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो सकती है.
पवन पांडे का भाजपा पर हमला
पूर्व मंत्री पवन पांडे ने कहा कि मौलाना जौहर अली विश्वविद्यालय शिक्षा का केंद्र है, जहां सभी धर्मों और वर्गों के छात्र पढ़ाई करते हैं. उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा सरकार में मधुशाला खुल सकती है, लेकिन पाठशाला नहीं खुल सकती.” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा संस्थानों को निशाना बना रही है.
इसे भी पढ़ें- योगी कैबिनेट का बड़ा धमाका! छात्राओं को स्कूटी, 26 हजार करोड़ के एक्सप्रेसवे को मिली मंजूरी
प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
समाजवादी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित कार्रवाई नहीं रोकी गई तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन छेड़ेगी. गौरतलब है कि रामपुर जिला प्रशासन ने हाल ही में मौलाना जौहर अली विश्वविद्यालय के 38 भवनों को कथित रूप से अवैध बताते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है.


