मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. सावन के दूसरे सोमवार पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या पूरी तरह शिवभक्ति में डूब गई. तड़के सुबह से ही रामनगरी के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. चारों ओर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे.
सावन सोमवार के पावन अवसर पर हजारों की संख्या में शिवभक्त भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों की ओर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने सबसे पहले मोक्षदायिनी पवित्र सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद सरयू जल लेकर विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक किया.
इसे भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा पर CM योगी की ‘पाती’: आस्था के साथ सेवा और अनुशासन का संदेश, एंबुलेंस को रास्ता देने की अपील
नागेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ी भक्तों की सबसे ज्यादा भीड़
राम की पैड़ी स्थित प्राचीन नागेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस ऐतिहासिक मंदिर की स्थापना भगवान श्रीराम के पुत्र कुश ने की थी. यही वजह है कि सावन महीने में इस मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव को जल, बेलपत्र और पुष्प अर्पित किए. भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और देश की खुशहाली की कामना की.
सरयू स्नान के बाद शिवालयों में पहुंचे श्रद्धालु
सावन सोमवार पर अयोध्या में सुबह से ही भक्तों की चहल-पहल बढ़ गई थी. बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू घाटों पर पहुंचे और स्नान के बाद कांवड़ व जल पात्र लेकर शिव मंदिरों की ओर रवाना हुए. भक्तों का कहना है कि सावन में भगवान शिव की आराधना करने से मन को शांति मिलती है और भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं. इसी आस्था के साथ श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े होकर बाबा का दर्शन कर रहे हैं.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. नागेश्वरनाथ मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में पुलिस बल तैनात किया गया है. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जा रहा है. भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, जबकि सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- मोदी-योगी सरकार पर मायावती हमलावर, बोलीं- खाली पद भरो, युवाओं को नौकरी दो
ग्रामीण इलाकों के शिव मंदिरों में भी दिखा उत्साह
अयोध्या शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में भी सावन की दूसरी सोमवारी पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली. सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते नजर आए. रामनगरी में सावन सोमवार का यह धार्मिक उत्साह एक बार फिर देखने को मिला, जहां श्रद्धा, भक्ति और आस्था के रंग में पूरा अयोध्या शहर सराबोर हो गया.


