मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. समाजवादी पार्टी ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन कर सियासी पारा बढ़ा दिया. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता गांधी पार्क में इकट्ठा हुए और वहां से कचहरी की ओर कूच किया. पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हाथों में पार्टी के झंडे लेकर प्रदर्शन को विशाल रूप दिया.

इस प्रदर्शन का नेतृत्व अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने किया. दोनों नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का गुस्सा उस वक्त और बढ़ गया जब उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंक दिया. पुतला दहन के दौरान चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में हो रही धांधली को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए. सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की भूमिका सबसे निष्पक्ष होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा समय में उस पर भरोसा टूट रहा है.

इसे भी पढ़ें : ‘हाथ काटकर फेंक दो, जमानत हम करवा देंगे’ : सुल्तानपुर में मंत्री संजय निषाद का बयान, कह दी ये बात

इस मौके पर सांसद अवधेश प्रसाद ने मीडिया से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त पर सीधा और बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जिस तरह राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी का आरोप लग रहा है, उसी तरह देश में वोटों की चोरी हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारतीय जनता पार्टी से मिलकर वोटों की चोरी करवा रहे हैं और विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है. अवधेश प्रसाद ने मांग की है कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत उनके पद से हटाया जाए या फिर वे खुद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे दें. इस प्रदर्शन के बाद पूरे जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट हो गया है.