सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियों के बीच आजाद अधिकार सेना ने भी अपना चुनावी विस्तार शुरू कर दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने ऐलान किया है कि आजाद अधिकार सेना प्रदेश में कम से कम 100 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

अमिताभ ठाकुर के मुताबिक पार्टी ने अब तक करीब 15 जिलों में लगभग 20 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं. आने वाले दिनों में पार्टी अपने प्रत्याशियों और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या में और विस्तार करेगी. पार्टी की ओर से जारी सूची में मुजफ्फरनगर की मीरापुर और खतौली, गोरखपुर की पिपराइच, सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज, वाराणसी की पिंडरा और शहर उत्तरी, अंबेडकरनगर की टांडा, प्रयागराज की बारा, भदोही, मथुरा की गोवर्धन, बरेली की मीरगंज, रामपुर, संत कबीर नगर की खलीलाबाद, मेरठ दक्षिण व सरधना, मऊ सदर, गाजीपुर की जमनियां सदर और सिद्धार्थनगर की बांसी सहित विभिन्न सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं.

इसे भी पढ़ें : ‘शोले’ के टंकी सीन से लेकर ड्रामा स्कूल तक… राजभर ने अखिलेश को क्यों घेरा?

अमिताभ ठाकुर ने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों के चयन में सिर्फ चुनावी जीत की संभावना को आधार नहीं बना रही है, बल्कि ऐसे लोगों को राजनीतिक मंच दिया जा रहा है जो अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करते रहे हैं और आम नागरिकों के अधिकारों की आवाज उठाते रहे हैं. उन्होंने कहा कि आजाद अधिकार सेना का उद्देश्य महज चुनाव लड़कर सत्ता हासिल करना नहीं है. पार्टी आम नागरिकों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ चल रहे संघर्ष को राजनीतिक स्वर देने का प्रयास कर रही है.

अमिताभ ने कहा कि पार्टी ऐसे संघर्षशील लोगों को आगे लाना चाहती है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाते हों और आम नागरिक की आवाज बनकर काम कर सकें. पार्टी का दावा है कि प्रत्याशियों के चयन में जमीनी सक्रियता और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को प्राथमिकता दी जा रही है.