पानीपत: हरियाणा के पानीपत से अंधविश्वास और लापरवाही का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहाँ एक तांत्रिक (बाबा) से झाड़-फूंक करवाना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। बाबा से झाड़ा लगवाने के महज आधे घंटे के भीतर ही महिला की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
चलते-चलते गिरी, नाक-मुंह से आने लगा खून
मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय रेनू के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रेनू पिछले करीब एक महीने से बीमार चल रही थी। शनिवार को उसकी तबीयत पूरी तरह ठीक थी, लेकिन दोबारा कोई समस्या न हो, इसी आशंका में परिजन उसे सनौली रोड स्थित शिव चौक के पास एक बाबा के पास ले गए। बाबा ने महिला पर झाड़-फूंक का ढोंग रचाया। इसके बाद जब रेनू वहां से जाने लगी, तो अचानक चलते-चलते पीछे की तरफ गिर गई। देखते ही देखते उसके मुंह और नाक से खून की उल्टियां होने लगीं।
आधे घंटे में ही उजड़ गया परिवार
महिला की बिगड़ती हालत देख परिजन उसे तुरंत आनन-फानन में सिविल अस्पताल लेकर भागे। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति इंद्र, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच के रहने वाले हैं और यहाँ मजदूरी करते हैं, ने बताया कि उनकी शादी 11 साल पहले हुई थी। इस हादसे के बाद रेनू के तीन मासूम बच्चों (10 साल का बेटा, 6 साल की बेटी और महज 6 महीने की दुधमुंही बच्ची) के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
अस्पताल की मेडिकल टीम का कहना है कि महिला की मौत बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, मौत के असली और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

