बहादुरगढ़ के नया गांव में 29 वर्षीय नीरज उर्फ बांडिया की बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है।

बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शहर के नया गांव बीर बरकताबाद क्षेत्र में देर रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने 29 वर्षीय नीरज उर्फ बांडिया पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस शुरुआती जांच में इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश या गैंगवार से जोड़कर देख रही है।

जानकारी के अनुसार, नीरज उर्फ बांडिया देर रात घर पर खाना खाने के बाद टहलने के लिए बाहर निकला था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जान बचाने के लिए नीरज करीब 50 मीटर तक दौड़ा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर उसे गोलियों से छलनी कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीरज सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से नीरज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी मयंक मिश्रा और डीसीपी क्राइम शुभम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, मृतक नीरज उर्फ बांडिया के खिलाफ पहले से हत्या और शराब तस्करी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे। इसी कारण पुलिस इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या गैंगवार की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और अभी किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।