अनूप मिश्रा, बहराइच. ग्राम रोजगार सेवक संघ के बैनर तले सोमवार को जिलेभर के ग्राम रोजगार सेवकों ने मानदेय भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. सभी रोजगार सेवक गोनार्द लॉन में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ गए. काफी देर तक नारेबाजी के बाद मौके पर पहुंचे डीसी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित रोजगार सेवक सड़क पर बैठ गए. इसके बाद सभी विकास भवन पहुंचे और उपायुक्त श्रम रोजगार कार्यालय का घेराव करते हुए तालाबंदी कर दी. इससे विकास भवन में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने कहा कि जनपद के ग्राम रोजगार सेवकों को पिछले छह माह से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. दीपावली का पर्व नजदीक होने के बावजूद भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है. जिला प्रभारी एवं प्रवक्ता विद्याधर बाजपेयी ने विकास खंड कैसरगंज में सितंबर और अक्टूबर माह के मानदेय भुगतान में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सभी रोजगार सेवकों का बकाया मानदेय तत्काल जारी करने की मांग की. उन्होंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों से जॉब चार्ट के अनुसार ही पीएमएवाई/एमएमएवाई के जियो टैग का कार्य लिया जाए.
इसे भी पढ़ें : अपनी सरकार में पुलिस से ऐसी उम्मीद नहीं थी! पार्किंग विवाद पर पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने जताई नाराजगी
जिला महामंत्री दीपक सिंह सेंगर ने अप्रैल 2015 से अक्टूबर 2026 तक की ईपीएफ धनराशि कर्मचारियों के यूएएन खातों में जमा कराने की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि जिन विकास खंडों में ईपीएफ की धनराशि आहरित नहीं हुई है, उसे तत्काल आहरित कर कर्मचारियों के खातों में जमा कराया जाए.

