नीरज काकोटिया, बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ढिमरटोला स्थित पीएम आवास कॉलोनी में एक 15 वर्षीय छात्र ने परीक्षा परिणाम से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र 9वीं कक्षा की सप्लीमेंट्री परीक्षा में असफल हो गया था, जिसकी वजह से वह गहरे मानसिक तनाव में था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: CM डॉ. मोहन यादव जुलाई में लेंगे कलेक्टर्स-एसपी की ‘एक्शन क्लास’, मंत्रालय से निर्देश जारी

25 जून को आया था रिजल्ट, दोस्तों से पता चली थी फेल होने की खबर

जानकारी के अनुसार मृतक छात्र का नाम यूनिक उर्फ साहिल उरकुड़े था जिसकी उम्र 15 वर्ष थी और जो सांदीपनी स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। मुख्य परीक्षा में सप्लीमेंट्री आने के बाद उसने दोबारा परीक्षा दी थी लेकिन 25 जून को घोषित हुए परिणाम में भी वह सफल नहीं हो सका।

परिजनों के मुताबिक शनिवार को यूनिक कॉलोनी में बच्चों के साथ खेल रहा था। इसके बाद उसने अपनी छोटी बहन को मोबाइल दिया और कहा कि वह सोने जा रहा है, उसे कोई परेशान न करे। वह कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

पिता संदीप उरकुड़े ने बताया कि यूनिक अक्सर कमरा बंद करके सोता था, इसलिए शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों ने पड़ोस के घर की खिड़की से अंदर झांककर देखा। अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। यूनिक पंखे से फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पिता को नहीं थी परिणाम की जानकारी

मृतक के पिता ने बताया कि उन्हें बेटे के फेल होने की सीधी जानकारी नहीं थी। संभवतः यूनिक को उसके दोस्तों के माध्यम से रिजल्ट का पता चला था, जिसके बाद से वह अंदर ही अंदर घुट रहा था और परेशान रहने लगा था।

ये भी पढ़ें: बैंक ऑफ इंडिया में दिनदहाड़े लूट की बड़ी कोशिश नाकाम, पुलिस ने 1 आरोपी को दबोचा, दूसरे की तलाश जारी

पुलिस ने पंचनामा कर जांच शुरू की

अस्पताल चौकी के प्रधान आरक्षक सूर्यकांत मरकाम ने बताया कि जिला अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की है। मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस कॉलोनी में परीक्षा परिणाम से आहत होकर किसी किशोर द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का यह पहला मामला है, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m