नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सरकारी यात्राओं से जुड़ी वर्षों पुरानी VIP एयरपोर्ट फेयरवेल परंपरा को खत्म करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री के विदेश दौरे के दौरान अब त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नेताओं, अधिकारियों और राजनयिकों का औपचारिक जमावड़ा नहीं होगा।
बिना गार्ड ऑफ ऑनर और रेड कार्पेट के रवाना होंगे बालेन शाह
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बालेन शाह मंगलवार शाम 7 बजे काठमांडू से दोहा होते हुए न्यूयॉर्क के लिए रवाना होंगे। इस दौरान उनके लिए पारंपरिक विदाई समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा।
नेपाली विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, इस बार नेपाली सेना की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री को विदा करने के लिए विदेशी राजनयिकों, मंत्रियों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी एयरपोर्ट पर आमंत्रित नहीं किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री का काफिला सीधे उस टरमैक तक जाएगा, जहां कतर एयरवेज का विमान खड़ा होगा। वहां न कोई औपचारिक समारोह होगा, न रेड कार्पेट और न ही गार्ड ऑफ ऑनर।
बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा
मार्च 2026 में हुए चुनावों के बाद प्रधानमंत्री बनने के बाद यह बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा है। वे न्यूयॉर्क में होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र में नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। न्यूयॉर्क पहुंचने से पहले वे दोहा में कुछ समय रुकेंगे।
VIP कल्चर में बदलाव का संकेत
नेपाल में अब तक प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा से पहले एयरपोर्ट पर औपचारिक विदाई समारोह आयोजित किए जाते रहे हैं। इनमें मंत्री, सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख, वरिष्ठ नौकरशाह, राजनयिक और राजनीतिक दलों के नेता शामिल होते थे।
बालेन शाह का यह फैसला सरकारी यात्राओं में प्रोटोकॉल और VIP संस्कृति को लेकर एक अलग दृष्टिकोण का संकेत देता है। इससे प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं से जुड़े पारंपरिक तामझाम को कम करने की दिशा में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



