फरीदाबाद। बल्लभगढ़ ज़ोन में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने 21 से 25 अक्टूबर तक विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कुल 690 वाहनों के चालान किए। इस दौरान बिना नंबर प्लेट और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के बिना सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई की गई। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 चालकों को भी पुलिस ने मौके पर पकड़ा।

बल्लभगढ़ शहर थाना क्षेत्र में हुई सबसे ज्यादा कार्रवाई

डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सघन जांच की गई। आंकड़ों के मुताबिक, बल्लभगढ़ शहर थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 221 चालान किए गए। इसके अलावा सेक्टर-8 थाना क्षेत्र में 185, छायंसा में 113, तिगांव में 84, सदर बल्लभगढ़ में 82 और आदर्श नगर में 5 चालान काटे गए।

बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कसा शिकंजा

कार्रवाई के दौरान बिना नंबर प्लेट के 218 और बिना HSRP के चल रहे 457 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने वाले 15 चालकों के खिलाफ भी नियमसंगत कार्रवाई की। फरीदाबाद पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करें, वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगवाएं और शराब पीकर कभी गाड़ी न चलाएं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m