बलौदाबाजार-भाटापारा। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने गुरुवार को जिले के 54 बैंक शाखाओं में एक साथ साइबर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने बैंक पहुंचने वाले ग्राहकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी दी और उनसे बचने के उपाय बताए। अभियान में 1,560 से अधिक लोग सीधे तौर पर जुड़े।

छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीयकृत, ग्रामीण और निजी क्षेत्र के बैंक शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। खास बात यह रही कि पुलिस के साथ बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों ने भी ग्राहकों को साइबर अपराध से बचाव के तरीके समझाए।

कार्ड ब्लॉक होने से लेकर डिजिटल अरेस्ट तक का झांसा

पुलिस ने लोगों को बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। फर्जी APK लिंक भेजना, क्रेडिट-डेबिट कार्ड बंद होने का डर दिखाना, शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर पैसा ऐंठना, डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर ठगी और OTP-पिन हासिल करना इसके प्रमुख तरीके हैं।

अधिकारियों ने साफ कहा कि बैंक खाता नंबर, ATM PIN, पासवर्ड और OTP किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देना चाहिए। लॉटरी, लोन अप्रूवल या किसी दूसरे लालच वाले मैसेज के साथ आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की सलाह दी गई।

मोबाइल में अनजान ऐप डाउनलोड करने को लेकर भी पुलिस ने लोगों को सावधान किया। अधिकारियों ने कहा कि QuickSupport और AnyDesk जैसे ऐप किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर इंस्टॉल न करें, क्योंकि इनके जरिए ठग मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।

बैंक में लगे सेल्फी स्टैंड, लोगों ने ली ‘जागरूकता की सेल्फी’

अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए बैंक परिसरों में ‘सेल्फी स्टैंड’ लगाए गए। ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों ने यहां सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर साझा कर साइबर जागरूकता अभियान का हिस्सा बने।

पुलिस ने नागरिकों को अभियान से जुड़ने का तरीका भी बताया। बैंक और पुलिस के पोस्टर पर दिए गए QR कोड को स्कैन कर आधिकारिक फ्रेम में सेल्फी लेने और उसे X, फेसबुक तथा इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करने की अपील की गई। साथ ही लोगों से अपने परिवार और परिचितों को भी अभियान से जोड़ने कहा गया।

ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने लोगों से कहा कि साइबर ठगी होने पर चुप न रहें और तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने में भी इसकी जानकारी दी जा सकती है। पुलिस के मुताबिक समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने या आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

बता दें कि ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ प्रदेश में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक विशेष ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। बलौदाबाजार-भाटापारा में गुरुवार को हुआ यह अभियान इसी कड़ी का हिस्सा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H