बलरामपुर. उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया. दुर्गा पंडाल के बाहर टेंट में बैठकर कार्यक्रम देख रहे लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया है. पुलिस ने कार और चालक को कब्जे में ले लिया है.

घटना कोतवाली देहात क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलहा के चरनगहिया गांव की है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नवरात्रि के अवसर पर दुर्गा मंदिर के पास पंडाल लगा था. शनिवार रात करीब 11 बजे आरती के बाद कुछ लोग टेंट में प्रोजेक्टर पर कार्यक्रम देख रहे थे. तभी गौरा रोड की तरफ से आई कार बेकाबू होकर टेंट में घुस गई.

इसे भी पढ़ें- UP में अगले 7 दिन बारिश के आसार नहीं, रात में 2-3 डिग्री गिरेगा पारा; बाढ़ से अब भी परेशानी

टेंट में घुसी तेज रफ्तार कार

कार ने लोगों को कुचलते हुए पास की दीवार में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके जैसी आवाज हुई. कुछ लोग उछलकर कई फीट दूर जा गिरे. मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत

मृतकों की पहचान पाटेश्वरी प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल लोगों को जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

नवरात्रि में रोज होता था धार्मिक कार्यक्रम

ग्रामीणों ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर के पास हर साल प्रोजेक्टर से धार्मिक फिल्में और भजन दिखाए जाते हैं. शनिवार रात भी गांव के लोग टेंट में बैठकर कार्यक्रम देख रहे थे. हादसे में घायल छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) का बहराइच में इलाज चल रहा है.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ: कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मिला UPSC छात्र का शव, मची सनसनी

पुलिस ने चालक को एक घंटे में पकड़ा

सीओ अभिषेक सिंह के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. कार चालक मौके से भाग गया था. पुलिस ने घेराबंदी कर करीब एक घंटे के भीतर उसे कार समेत पकड़ लिया. शुरुआती जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.