भारत को आंख दिखाने वाले पडोसी देश बांग्लादेश में इस वक्त भारी बिजली संकट देखने को मिल रहा हैं। देश के कई हिस्सों में रोजाना कई घंटे बिजली कटौती हो रही है। राजधानी ढाका के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में हालात ज्यादा खराब हैं। तेज गर्मी और हीटवेव ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। संकट से निपटने के लिए सरकार ने शॉपिंग मॉल, बाजार और दुकानों को रात 8 बजे तक बंद करने का आदेश दिया है।

गैस की कमी से बिजली उत्पादन प्रभावित

बांग्लादेश में मौजूदा बिजली संकट की प्रमुख वजह ईंधन और प्राकृतिक गैस की कमी है। गैस की उपलब्धता घटने से बिजली उत्पादन करीब 1,500 मेगावाट तक कम हो गया है।

इसके अलावा अमेरिकी कंपनी एक्सेलरेट एनर्जी के LNG टर्मिनल में 21 जुलाई को आग लगने के बाद इसकी क्षमता प्रभावित हुई। खराब समुद्री मौसम के कारण कुछ LNG जहाज भी टर्मिनल तक नहीं पहुंच सके, जिससे गैस आपूर्ति पर और दबाव बढ़ा।

ग्रामीण इलाकों में 8 से 10 घंटे तक कटौती

ढाका को फिलहाल जरूरत के मुताबिक बिजली मिल रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति गंभीर है। मयमनसिंह, बरिशाल, रंगपुर, सिलहट, राजशाही और खुलना जैसे इलाकों में बिजली कटौती की शिकायतें सामने आई हैं। कई जगहों पर रोजाना 3 से 5 घंटे और कुछ इलाकों में 8 से 10 घंटे तक बिजली गुल रहने की बात कही जा रही है।

बिजली संकट का असर खेती, कारखानों, रेस्टोरेंट और झींगा पालन पर भी पड़ा है। जनरेटर चलाने से किसानों और कारोबारियों की लागत बढ़ रही है।

बिजली कटौती से बढ़ा लोगों का गुस्सा

लगातार बिजली संकट से नाराज लोगों ने कुछ इलाकों में बिजली सुविधाओं पर विरोध और तोड़फोड़ भी की है। स्थिति को देखते हुए बिजली प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए पुलिस की मदद मांगी गई है।

भारत से अतिरिक्त डीजल की मांग

बिजली संकट के बीच बांग्लादेश ने भारत से अतिरिक्त डीजल की मांग की है। ऊर्जा मंत्री इकबाल हसन महमूद ने भारतीय हाई कमिश्नर से मुलाकात के दौरान डीजल आपूर्ति बढ़ाने का अनुरोध किया।

भारत और बांग्लादेश के बीच इंडिया-बांग्लादेश फ्रेंडशिप पाइपलाइन के जरिए डीजल की आपूर्ति होती है। समझौते के तहत भारत हर साल बांग्लादेश को 1.80 लाख मीट्रिक टन डीजल देता है। हालिया क्षेत्रीय संकट के दौरान भारत पहले ही बांग्लादेश को अतिरिक्त डीजल उपलब्ध करा चुका है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m