एन चंद्रशेखरन के इस्तीफे के बाद टाटा संस ने नए चेयरमैन की तलाश शुरू कर दी है। 13 अगस्त 2026 को सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने नए चेयरमैन के चयन के लिए 5 सदस्यीय सिलेक्शन कमेटी गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस रेस में टाटा स्टील के MD टीवी नरेंद्रन का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।

फरवरी 2027 तक पद पर रहेंगे चंद्रशेखरन

एन चंद्रशेखरन ने इस्तीफा दिया है, लेकिन वे फरवरी 2027 तक टाटा संस के चेयरमैन बने रहेंगे और अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे। इससे कंपनी के पास नए उत्तराधिकारी के चयन और जिम्मेदारियों के सुचारु हस्तांतरण के लिए करीब छह महीने का समय है।

5 सदस्यीय कमेटी करेगी चेयरमैन का चयन

टाटा संस के नियमों के मुताबिक चेयरमैन चुनने के लिए पांच सदस्यों की कमेटी बनाई जाती है। इसमें:

  • 3 सदस्य: सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट से नामित
  • 1 सदस्य: टाटा संस बोर्ड द्वारा नामित
  • 1 स्वतंत्र सदस्य: बोर्ड द्वारा चुना गया न्यूट्रल मेंबर

कमेटी संभावित उम्मीदवारों की समीक्षा और इंटरव्यू के बाद अंतिम नाम की सिफारिश टाटा संस बोर्ड को करेगी।

क्यों मजबूत है TV नरेंद्रन का दावा?

टीवी नरेंद्रन के पक्ष में उनकी करीब चार दशक लंबी टाटा ग्रुप से जुड़ी विरासत, बड़े कारोबार को संभालने का अनुभव और टाटा स्टील के कठिन दौर में प्रदर्शन अहम माना जा रहा है। उन्होंने कर्ज घटाने, कैश फ्लो सुधारने और घरेलू कारोबार मजबूत करने पर फोकस किया। साथ ही यूके और नीदरलैंड्स में कंपनी की जटिल चुनौतियों से भी निपटा।

चयन प्रक्रिया में कानूनी पेंच

महाराष्ट्र चैरिटी कमिश्नर के एक निर्देश के कारण सर रतन टाटा ट्रस्ट फिलहाल ट्रस्टियों की बैठक नहीं कर पा रहा है। इससे सिलेक्शन कमेटी में ट्रस्ट की ओर से सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।

2022 में टाटा संस के नियमों में बदलाव के बाद टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन और टाटा संस का चेयरमैन एक ही व्यक्ति नहीं हो सकता। इसलिए नोएल टाटा के अंतरिम चेयरमैन बनने की संभावना नहीं है।

टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स का रिश्ता

टाटा संस टाटा ग्रुप की प्रमुख होल्डिंग कंपनी है, जबकि टाटा ट्रस्ट्स टाटा संस में करीब 66% हिस्सेदारी रखते हैं। ट्रस्ट्स मुख्य रूप से परोपकारी और सामाजिक कार्यों के लिए काम करते हैं। ऐसे में नए चेयरमैन का चयन टाटा ग्रुप के भविष्य की रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m