Patna Toxic Liquor Tragedy: पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में शराब पीने के बाद हुए चार लोगों के मौत मामले में ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बड़ा खुलासा किया है। उनके मुताबिक चारों युवकों की मौत शराब पीने की वजह से नहीं बल्कि शराब में मिले जहर के कारण हुई है। उन्होंने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी लाली ने यह स्वीकार किया है कि उसने ही शराब में जहर मिलाई थी। हालांकि ठीक इसके उलट मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले की लीपा-पोती करने के लिए यह झुठी कहानी रची है।
प्रेम-प्रसंग में हत्याकांड को दिया गया अंजाम
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लाली की बहन का मृतक निशु के साथ प्रेम-प्रसंग था। इस बात को लेकर उसके दोस्त भी उसे चिढ़ाने का काम करते थे, जिसे लेकर वह नाराज रहता था और बदला लेने के लिए उसने शराब में जहर मिलाया था।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि, शराब में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी तथा उससे चारों व्यक्तियों की मृत्यु होने की पुष्टि FSL रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात ही हो सकेगी। घटना में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी एवं अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण एसपी के मुताबिक घटना में संलिप्त 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 1 को विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
नाराज ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
उधर ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार द्वारा बेढ़ना में हुए चार लोगों की मौत को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताने पर ग्रामीण भड़क उठे और देर रात बाढ़ थाने का घेराव करते हुए जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस हड़बड़ी में मामले को निपटाने के चक्कर में एक सभ्य परिवार की शादीशुदा महिला को बदनाम कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतक निशु का मोबाइल फोन थाने में जमा है। अगर उसका किसी लड़की से प्रेम संबंध था, तो उसका कॉल डिटेल निकाला जाए। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस ने केस क्लोज़ करने के चक्कर में जातिगत दुर्भावना से कार्य कर एक शादीशुदा महिला को बदनाम किया है।
चार युवकों की मौत से मचा है हड़कंप
गौरतलब है कि बाढ़ अनुमंडल के सैदपुर टोला (बेढ़ना) में बीते रविवार (30, अगस्त) की दोपहर मछली और शराब की पार्टी कर रहे चार युवकों की अचानक से तबीयत बिगड़ गई। अचानक वे बेहोश होकर गिर पड़े और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद उनके परिजनों ने आनन-फानन में सभी को अस्पताल लाया, जहां इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं, नाराज ग्रामीणों सड़क पर उतरते हुए फोरलेन को जाम कर दिया।
घटनास्थल से बरामद हुई शराब की बोतल
बता दें कि पुलिस को घटनास्थल से मछली और शराब की बोतलें बरामद हुई है, जिसे एफएसएल की टीम ने साक्ष्य के लिए एकत्र कर उसे जांच के लिए भेजा है। वहीं, परिजनों ने भी मृतकों के शराब पीने की बात स्वीकार की है। मृतक युवकों की पहचान बेढ़ना गांव निवासी शशि कुमार (32), पिता रामाकांत कुमार, विकास राम (40), पिता विरजु राम, पंकज सिंह (45), पिता नन्दे सिंह और निशु कुमार (30), पिता राजू सिंह के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें- बिहार में कल से घर-घर होगी 6 गंभीर बीमारियों की मुफ्त जांच, रवाना होंगे जागरूकता रथ



