जगदलपुर, आशुतोष तिवारी। सरकारी विभागों पर लंबे समय से बकाया बिजली बिल को लेकर विद्युत विभाग ने अब सख्ती शुरू कर दी है। बकाया राशि जमा नहीं करने वाले शासकीय कार्यालयों के खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। बस्तर संभाग के सातों जिलों में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक 439 सरकारी बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं।

विद्युत कंपनी के अनुसार, जिन शासकीय कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उन पर कुल 1 करोड़ 28 लाख 53 हजार 998 रुपए का बिजली बिल बकाया था। कनेक्शन काटने की कार्रवाई के साथ ही बकाया राशि की वसूली पर भी जोर दिया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 50 बकायादार शासकीय विभागों से 11 लाख 67 हजार रुपए की वसूली की गई है।
सरकारी विभागों पर 172 करोड़ से ज्यादा का बकाया
डिस्कनेक्शन और वसूली की कार्रवाई के बावजूद सरकारी विभागों पर बिजली बिल का बकाया आंकड़ा काफी बड़ा है। बस्तर संभाग के सातों जिलों में शासकीय विभागों के कुल 19 हजार 880 बिजली कनेक्शन हैं। इन सभी कनेक्शनों पर करीब 1 अरब 72 करोड़ 61 लाख 16 हजार रुपए यानी 172 करोड़ 61 लाख 16 हजार रुपए का बिजली बिल बकाया है।
विभागवार बकाया की हो रही समीक्षा
लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं होने को विद्युत कंपनी ने गंभीरता से लिया है। अब बकायादार शासकीय विभागों की विभागवार समीक्षा की जा रही है। जिन कार्यालयों पर लंबे समय से राशि बकाया है, वहां भुगतान के लिए दबाव बनाया जा रहा है। भुगतान नहीं होने की स्थिति में कनेक्शन काटने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सातों जिलों में तेज हुआ अभियान
बस्तर संभाग के सभी सात जिलों में विद्युत विभाग की कार्रवाई जारी है। कंपनी का फोकस ऐसे सरकारी कनेक्शनों पर है, जिनका बिजली बिल लंबे समय से जमा नहीं हुआ है। कनेक्शन काटने के साथ-साथ बकाया राशि की वसूली भी की जा रही है।
सरकारी विभागों पर 172 करोड़ रुपए से अधिक का बकाया होने के चलते विद्युत कंपनी ने अब कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में और भी बकायादार शासकीय कार्यालयों पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई हो सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें



