बेगूसराय। जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र में NH-31 फोरलेन पर रविवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार दो स्कॉर्पियो के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से कई की स्थिति गंभीर है।

​गंगा स्नान के दौरान काल बना हादसा

​मृतकों की पहचान ऋषभ कुमार (24), सन्नी कुमार (24) और हिमांशु कुमार (22) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात हिमांशु के दोस्त करण का जन्मदिन था। पार्टी के बाद सभी दोस्तों ने सिमरिया जाकर गंगा स्नान करने का प्लान बनाया। रात करीब 12:30 बजे वे एक स्कॉर्पियो से निकले। गाड़ी सन्नी चला रहा था जो पेशे से ड्राइवर था। अभी वे सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाले के पास पहुंचे ही थे कि रॉन्ग साइड से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

​100 से अधिक थी रफ्तार, परखच्चे उड़े

​प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के मुताबिक, टक्कर के समय दोनों गाड़ियों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने ऋषभ, सन्नी और हिमांशु को मृत घोषित कर दिया।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​मृतक के भाई विवेक ने बताया कि जब युवक काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके फोन पर संपर्क करने की कोशिश की। फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाकर हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

​घायलों की स्थिति

​हादसे में दूसरी गाड़ी में सवार लोग बेगूसराय में बारात जा रहे थे। घायलों में पोखरिया निवासी करण, रवि और रुपेश के अलावा दूसरी स्कॉर्पियो सवार प्रीत कुमार, विकास, प्रियांशु, ज्योतिष और लक्ष्मण पासवान समेत कुल 10-12 लोग शामिल हैं जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर रॉन्ग साइड से गाड़ी कौन ला रहा था। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हो रही मौतों पर सवाल खड़े करती है।