अजय कुo शास्त्री, बेगूसराय। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए बेगूसराय में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। रविवार को बिहार मद्य निषेध विभाग की सूचना पर जिला पुलिस और विभिन्न थानों की पुलिस ने रेलवे गुमटी के नीचे बसे झुग्गी-झोपड़ी इलाके में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध देसी शराब, शराब बनाने के लिए तैयार जावा और शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों को नष्ट किया गया।
हजार लीटर देशी शराब बरादम
मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान करीब एक हजार लीटर देसी शराब बरामद होने की बात सामने आई है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में जावा और शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण भी मिले, जिन्हें कार्रवाई के दौरान विनष्टीकरण किया गया।
इस संयुक्त अभियान में रेलवे जीआरपी पुलिस, नगर थाना पुलिस, रतनपुर थाना पुलिस, लोहियानगर थाना पुलिस और सिंघौल थाना पुलिस के जवानों के साथ जिला पुलिस बल भी शामिल रहा। कार्रवाई में लगभग दो दर्जन महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी देखने को मिली। बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मद्य निषेध विभाग को मिली थी सूचना
बताया जा रहा है कि मद्य निषेध विभाग को सूचना मिली थी कि रेलवे गुमटी के नीचे स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से देशी शराब का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान शराब के साथ-साथ उसे तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा जावा और अन्य उपकरण भी मिले।
दिपावली को लेकर चल रहा विशेष अभियान
नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर जिला प्रशासन विशेष रूप से सतर्क है। बिहार में लागू शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
त्योहारों के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है। हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में शराब और शराब बनाने की सामग्री मिलने से यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर आबादी वाले इलाके में कथित रूप से चल रहे इस अवैध कारोबार की जानकारी स्थानीय स्तर पर पहले क्यों नहीं हो सकी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान- प्रशासन
फिलहाल पुलिस और मद्य निषेध विभाग पूरे मामले में आगे की कार्रवाई में जुटे हैं। प्रशासन का कहना है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बर्थडे पार्टी के नाम पर युवती से गैंगरेप! डांस प्रोग्राम के बहाने बुलाकर दरिंदगी, कमरे में थे 7 युवक

