वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी मोहल्ले में बर्थडे पार्टी के बहाने आर्केस्ट्रा में काम करने वाली एक युवती के साथ कथित तौर पर गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है।
ड़ांस प्रोग्राम के बहाने युवती से गैंगरेप
पीड़िता का आरोप है कि डांस प्रोग्राम के नाम पर उसे एक किराए के कमरे में बुलाया गया था, जहां पहले से सात युवक मौजूद थे। इनमें से दो युवकों पर उसके साथ जबरदस्ती गैंगरेप करने का गंभीर आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर सदर डीएसपी-1 और लहेरी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे। FSL की टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
जन्मदिन पर बुलाई गईं थी दो लड़कियां
बिहारशरीफ के शिवपुरी मोहल्ले में एक मकान में कुछ युवक किराए पर रहकर पढ़ाई करते हैं। बताया जा रहा है कि मकान में मकान मालिक नहीं रहते हैं। इसी कमरे में रहने वाले एक युवक का जन्मदिन था। जन्मदिन की पार्टी और डांस प्रोग्राम के बहाने आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो युवतियों को वहां बुलाया गया था।
पीड़िता ने कहा कि जब दोनों युवतियां वहां पहुंचीं तो कमरे में पहले से सात युवक मौजूद थे। कुछ देर बाद उसकी साथी युवती वहां से चली गई। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद दो युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि उसे डांस प्रोग्राम कराने के नाम पर वहां बुलाया गया था, लेकिन उसके साथ जबरदस्ती की गई। उसने बताया कि कमरे में सात लड़के मौजूद थे, जिनमें से दो ने उसके साथ गलत काम किया। पीड़िता के अनुसार, वह उन युवकों को पहले से नहीं जानती थी।
मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर सदर डीएसपी-1 अमरनाथ और लहेरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी यानी FSL की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित अपनी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पीड़िता की चिकित्सीय जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। पुलिस घटना में शामिल बताए जा रहे युवकों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
कैमरे पर बोलने से बच रहे अधिकारी
फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कैमरे के सामने आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जन्मदिन की पार्टी के नाम पर युवतियों को बुलाने के पीछे क्या मंशा थी और इस गंभीर घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होगी?
ये भी पढ़ें- पटना में डबल मर्डर: पत्नी को वापस पाने के लिए दामाद बना कातिल, सास और दूसरे पति की हत्या की

