बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बजलपुरा गांव में अपराधियों ने तांडव मचाते हुए एक 10वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात मंगलवार की देर रात उस वक्त हुई जब छात्र गांव के पास ही लगे तेघड़ा जन्माष्टमी मेले से वापस अपने घर लौट रहा था। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों तथा परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

​मेले से लौट रहा था छात्र, बीच-बचाव या देखने के दौरान लगी गोली

​मृतक की पहचान बजलपुरा गांव निवासी मो. आशिक के 16 वर्षीय पुत्र मो. समीर के रूप में की गई है। समीर स्थानीय स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था और बीते कुछ दिनों से लगातार जन्माष्टमी मेला घूमने जा रहा था।
​घटना के संबंध में मृतक के भाई मो. मुमताज ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 2 बजे मेला देखकर लौटने के दौरान साहु भवन (मक्की मस्जिद के पास) के समीप कुछ लोग आपस में झगड़ रहे थे। समीर वहां रुककर उस विवाद को देखने लगा। इसी दौरान दोनों पक्षों में से किसी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसकी एक गोली सीधे समीर के सीने में आ लगी। गोली लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

​अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

​गोलीबारी की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर दौड़े और खून से लथपथ समीर को आनन-फानन में तेघड़ा अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी।

​आक्रोशित लोगों का सड़क जाम, पुलिस और एफएसएल की टीम सक्रिय

​बुधवार की सुबह घटना से गुस्से में आए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने तेघड़ा बाजार की मुख्य सड़क को जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही सदर डीएसपी इमरान अहमद सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर पूरी जानकारी ली। वहीं, एसपी मनीष ने भी घटनास्थल का दौरा कर मामले की बारीकी से जांच की।
​अपराधियों के सुराग और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए हैं। पुलिस ने इस मामले में तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान का सहारा लेते हुए संदिग्धों की पहचान शुरू कर दी है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।