अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले के वीरपुर प्रखंड से एक बेहद दिलचस्प और अनोखा विरोध प्रदर्शन सामने आया है। यहां सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों से तंग आकर ग्रामीणों ने विरोध का एक ऐसा तरीका अपनाया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से नाराज लोगों ने सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों का नामकरण स्थानीय नेताओं और मंत्रियों के नाम पर कर दिया है।
जनप्रतिनिधियों के नाम पर कुंड
वीरपुर क्षेत्र की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और शासन स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। इसी व्यवस्था से उपजे आक्रोश के चलते ग्रामीणों ने इन गड्ढों को कुंड का नाम दे दिया है।
ग्रामीणों ने व्यंग्य करते हुए सड़क के एक बड़े और खतरनाक गड्ढे का नाम बेगूसराय के सांसद व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के नाम पर गिरिराज कुंड रखा है। वहीं, स्थानीय भाजपा विधायक कुंदन सिंह के नाम पर एक अन्य गड्ढे को कुंदन कुंड और बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार के नाम पर तीसरे गड्ढे का नाम शैलेंद्र कुंड रख दिया गया है।


जनता का विरोध और पीड़ा
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यह किसी व्यक्तिगत रूप से नेता पर हमला नहीं है, बल्कि बदहाल सड़क व्यवस्था और अपनी आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का एक प्रतीकात्मक और लोकतांत्रिक तरीका है। स्थानीय लोगों का दर्द है कि बरसात के दिनों में या जलभराव के दौरान इन गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना नामुमकिन हो जाता है, जिससे बाइक सवार, पैदल यात्री और स्कूली बच्चे रोजाना चोटिल हो रहे हैं।
जनता का सवाल है कि जब क्षेत्र में सांसद, विधायक और विभाग के जिम्मेदार मंत्री सभी मौजूद हैं, तो इस बदहाली से मुक्ति कब मिलेगी? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? फिलहाल, वीरपुर के इन कथित कुंडों का यह वीडियो पूरे इलाके में सुर्खियां बटोर रहा है और देखने वाली बात होगी कि क्या इस अनोखे विरोध के बाद भी जिम्मेदार नींद से जागते हैं या नहीं।

