मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र के साकेतपुरी मोहल्ले में 19 वर्षीय BBA के छात्र अस्मित कुमार का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक छात्र मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था और वैशाली इंस्टीट्यूट में BBA प्रथम सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। वह करीब तीन महीने पहले ही इस मोहल्ले में कमरा किराए पर लेकर रह रहा था।
फोन न उठाने पर हुआ शक
परिजनों के अनुसार, अस्मित की घर पर नियमित बातचीत होती थी। एक दिन पहले ही परिवार वालों से उसकी बात हुई थी और वह आगामी दिवाली पर घर आने की योजना बना रहा था। शनिवार सुबह जब परिजनों ने उसे फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। लगातार कॉल करने पर भी जब फोन रिसीव नहीं हुआ, तो चिंतित पिता ने मकान मालिक को कमरे पर जाकर देखने को कहा। मकान मालिक जब वहां पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कमरे से मिली युवती की तस्वीर और मोबाइल जब्त
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और FSL (फॉरेसिंक साइंस लैब्स) की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक युवती की तस्वीर बरामद हुई है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने उस युवती को पहचानने से साफ इनकार कर दिया है। पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है, लेकिन तस्वीर और मौत के बीच के असली संबंध की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं, जिनकी मदद से कॉल डिटेल्स और तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया गया है।

