मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उनके समर्थन में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और शांतिपूर्ण चुनाव कराने तथा मतदाता सूची को दुरुस्त करने में ज्ञानेश कुमार की अहम भूमिका रही है। भट्टाचार्य ने यहां तक कहा कि CEC को कम से कम पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए।
‘बंगाल की जनता डर और दबाव के माहौल से बाहर निकली’
समिक भट्टाचार्य ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेती। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल के लोगों को लंबे समय बाद बिना डर और दबाव के मतदान करने का अवसर मिला।
बीजेपी नेता ने कहा कि राज्य में चुनाव के दौरान हिंसा और भय का माहौल कम हुआ और लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से वोट डालने का मौका मिला। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के काम की सराहना करते हुए उनके लिए पद्म पुरस्कार की मांग की।
वोटर लिस्ट और SIR को लेकर क्या बोले भट्टाचार्य?
भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल को सीमावर्ती राज्य बताते हुए दावा किया कि मतदाता सूची में शामिल कथित बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की प्रक्रिया ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि राज्य की आम जनता का समर्थन CEC के साथ है और बीजेपी चाहती है कि उन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाए।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल
यह बयान ऐसे समय आया है जब Special Intensive Revision (SIR) को लेकर विपक्ष चुनाव आयोग पर लगातार सवाल उठा रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े फैसलों पर कई बार लिखित असहमति दर्ज की थी।
इसके बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज कर दी। राहुल गांधी ने भी चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने और सरकारी गवाह बनने की मांग भी की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


