अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आज रविवार (1, नवंबर) को मुजाहिदपुर थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर भागलपुर जंक्शन के गेट नंबर-6 के पास बदमाशों ने जमकर तांडव देखने को मिला। दरअसल मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने करीब आधे घंटे बाद अपने 5 से 7 साथियों के साथ पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान चाकूबाजी भी हुई, जिसमें गोली लगने से मोहम्मद मेराज और चाकू के हमले से मोहम्मद आमिर नाम के दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-6 के पास मोबाइल छिनतई की कोशिश से हुई। बताया जा रहा है कि एक बदमाश यात्री का मोबाइल छीनकर भाग रहा था। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो बदमाश ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकी दी। इसके करीब आधे घंटे बाद वही बदमाश अपने 5 से 7 साथियों के साथ हथियार लेकर मौके पर पहुंचा और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, बदमाशों ने रेलवे गेट नंबर-6 के बाहर गली से लेकर रेलवे परिसर के टिकट काउंटर और पार्किंग तक फायरिंग की। इस दौरान मोहम्मद मेराज के बाएं हाथ में गोली लग गई, जबकि मोहम्मद आमिर चाकू के हमले में घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दोनों घायलों को इलाज के लिए भागलपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद परिजनों ने शाहबाज नगर कमेली निवासी आमिर, अली और तारीख समेत अन्य युवकों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच अभी जरूरी है। सबसे गंभीर सवाल यह है कि मुजाहिदपुर थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर बदमाश हथियारों के साथ फायरिंग और चाकूबाजी की घटना को अंजाम देकर दहशत फैलाते रहे।
फिलहाल दोनों घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों की पहचान कर कब तक उन्हें गिरफ्तार करती है और स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाती है।
ये भी पढ़ें- बर्थडे पार्टी के नाम पर युवती से गैंगरेप! डांस प्रोग्राम के बहाने बुलाकर दरिंदगी, कमरे में थे 7 युवक

