भागलपुर/नवगछिया। अवैध संबंध और धोखे की एक ऐसी खूनी दास्तान सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। नवगछिया पुलिस ने एक 3 बच्चों के पिता की हत्या की गुत्थी को महज कुछ दिनों में सुलझाकर मृतक की शादीशुदा प्रेमिका, उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। 15 मई को स्टेशन रोड के पास नयाटोला में एक शख्स की बेरहमी से कुचली हुई लाश मिली थी, जिसकी पहचान 45 वर्षीय ट्रक ड्राइवर नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई।
4 महीने का अफेयर और लाखों के जेवर
जांच में सामने आया कि बिहपुर के नवीन कुमार सिंह का अपनी पड़ोसी 30 वर्षीय काजल से पिछले चार महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। काजल का पति ब्रजेश पिछले छह महीने से जेल में बंद था। इसी का फायदा उठाकर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि नवीन ने अपनी पत्नी और बच्चों को धोखा देकर घर के लाखों रुपये के जेवर काजल को दे दिए, जिसके कारण उस पर 3-4 लाख का कर्ज भी हो गया था। नवीन काजल से शादी भी करना चाहता था।
जेल से छूटते ही पति ने बनाया मर्डर प्लान
काजल का पति ब्रजेश 13 मई को जेल से छूटकर वापस आया। घर आते ही उसे पत्नी के अवैध संबंधों का पता चल गया, जिसके बाद उसने काजल की पिटाई की। बदनामी और गुस्से में आकर ब्रजेश, उसके भाई नीतीश (30) और काजल ने मिलकर नवीन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 14 मई की रात काजल ने फोन करके नवीन को मिलने के बहाने बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे पति और देवर ने भारी वस्तु से हमला कर नवीन की जान ले ली और लाश फेंककर खगड़िया भाग गए।
CCTV फुटेज और CDR से खुला राज
नवगछिया एसपी राजेश कुमार के मुताबिक, लाश के पास मिले आईडी कार्ड से नवीन की पहचान हुई। मृतक की पत्नी सविता देवी ने सीधे काजल पर शक जताया। पुलिस ने जब घटनास्थल के पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो वहां एक संदिग्ध बाइक और स्कॉर्पियो दिखी, जिस पर काजल का पति और देवर सवार थे। इसके अलावा, मोबाइल सीडीआर से पता चला कि हत्या वाली रात करीब 1:30 बजे काजल और नवीन लगातार संपर्क में थे। पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने 17 मई की रात खगड़िया से काजल, ब्रजेश और नीतीश को दबोच लिया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


