अतीश दीपंकर/सुल्तानगंज/भागलपुर। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर शिवनंदनपुर मदारिया पावर हाउस के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक नवविवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद से क्षेत्र में मातम पसरा है।
शादी के महज 17 दिन बाद हुआ हादसा
मृतका की पहचान मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह निवासी 20 वर्षीय रोशनी देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रोशनी और उसके पति बांका जिले के शंभूगंज स्थित चुटिया बेलारी गांव से बाइक पर सवार होकर मुंगेर की ओर जा रहे थे। अभी वे सुल्तानगंज के शिवनंदनपुर मदारिया पावर हाउस के पास ही पहुंचे थे कि तेज रफ्तार एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पति ने बिलखते हुए बताया कि उनकी शादी इसी माह 2 जुलाई को हुई थी। अभी तो हाथों की मेहंदी का रंग भी पूरी तरह नहीं छूटा था कि नियति ने उन्हें हमेशा के लिए जुदा कर दिया। पति ने बताया कि वे नई जिंदगी के सुनहरे सपने बुन रहे थे, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ तबाह कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना के तुरंत बाद हाईवा का चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस मौके पर देरी से पहुंची। बाद में स्थानीय पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम को हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई
सुल्तानगंज पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक और खलासी की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में इस दर्दनाक घटना की चर्चा है और लोग तेज रफ्तार वाहनों के प्रति प्रशासन से सख्ती बरतने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

