भागलपुर। जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला एक युवक पर जानलेवा हमले का है, जहां महज कुछ रुपयों के लेनदेन के विवाद में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक के पेट में दो गोलियां दाग दीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

​खाने के बाद टहलने निकला था युवक

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्हैया कुमार मोदी (30 वर्ष) रविवार रात घर पर खाना खाने के बाद रोजाना की तरह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बड़ी कठेला का रहने वाला ऋषभ अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पुराने बकाया रुपयों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि ऋषभ ने तैश में आकर कमर से पिस्टल निकाली और कन्हैया पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

​पेट को चीरती हुई निकल गई बुलेट

​बदमाशों द्वारा चलाई गई दो गोलियां कन्हैया के पेट को चीरती हुई आर-पार निकल गईं। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर जब तक स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचते, अपराधी बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे। गंभीर स्थिति में कन्हैया को तुरंत पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMCH) ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।

​आज सोनीपत वापस जाने वाली थी ट्रेन

​परिजनों ने बताया कि कन्हैया हरियाणा के सोनीपत की एक फैक्ट्री में काम करता है और दो महीने पहले ही छुट्टी पर घर आया था। दुखद बात यह है कि आज यानी सोमवार को ही उसकी सोनीपत वापसी का टिकट था, लेकिन यात्रा से कुछ घंटे पहले ही वह इस वारदात का शिकार हो गया। फिलहाल कन्हैया अविवाहित हैं।

​पुलिस की छापेमारी जारी

​घटना की सूचना मिलते ही फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। घायल युवक ने हमलावरों की पहचान कर ली है, जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।