कुंदन कुमार, पटना। बिहार में 10 सीटों पर MLC का चुनाव होना है। ऐसे में विभिन्न दल के नेता अपनी-अपनी तरफ से सीट पाने की जुगत में जुट गए हैं। इस बीच बिहार सरकार में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने MLC चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, हम महागठबंधन की चर्चा तो नहीं करेंगे, लेकिन एनडीए में सभी दल मजबूती के साथ विधान परिषद का चुनाव लड़ेंगे।
दूर-दूर तक लड़ाई में नहीं विपक्ष- भगवान सिंह कुशवाहा
भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि, हमारी एकजुट संख्या है। विपक्ष दूर-दूर तक लड़ाई में नहीं है। उन्होंने कहा कि, MLC चुनाव में आम आदमी तो वोट नहीं डालेंगे। वोट तो जीते हुए विधायक ही करेंगे। हमारी संख्या अधिक है। हम लोग जीतेंगे। वहीं, जीतन राम मांझी द्वारा एमएलसी की एक सीट को लेकर डिमांड पर उन्होंने कहा की क्यों नहीं मांगेंगे? मांझी जी भी हमारे दल के साथ हैं, तो वो सीट क्यों नहीं मांगेंगे?
नीतीश कुमार से मिलती है एनर्जी
वहीं, जब उनसे यह पूछा गया कि कल मंत्री नहीं आए थे। आज सब मंत्री आए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आते हैं, तो सब गायब रहता है। इस पर मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि, नीतीश कुमार से कोई डरता नहीं है। उनका इज्जत करते हैं।नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय आते हैं, तो हम लोगों का सौभाग्य है। अगर आज भी आते तो अच्छा लगता। पार्टी के कार्यकर्ता को भी अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि, यदि नीतीश कुमार कुछ भी नहीं बोलेंगे, लेकिन बस उनके आ जाने से एनर्जी मिल जाता है, हम लोग चार्ज हो जाते हैं।
10 सीटों पर 18 जून को होगा मतदान
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने जून में खाली हो रहे बिहार विधान परिषद की 9 सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई एक रिक्त सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। वहीं, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा। आयोग ने 20 जून तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की समय-सीमा तय की गई है।
NDA का पलड़ा भारी
राजनीतिक गणित के हिसाब से विधान परिषद चुनाव में NDA का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। बीजेपी के पास 89 और जदयू के पास 85 विधायक हैं। ऐसे में दोनों दल अपने उम्मीदवारों को आसानी से जीत दिलाने की स्थिति में हैं। वहीं, महागठबंधन के पास संख्या बल कम होने के कारण वह फिलहाल सिर्फ एक सीट पर ही मजबूत दावेदारी पेश कर सकता है।
ये भी पढ़ें- CM सम्राट के हरा गमछा वाले बयान पर सियासत तेज, राजद सांसद ने दे डाली ये नसीहत

