Bihar News: बिहार में हाल ही में हुए AI समिट के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने राजद पर हरे गमछे को लेकर कटाक्ष किया था। समिट के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, पटना में 4 हजार से अधिक CCTV कैमरे लगे हैं। अगर AI से कह दिया जाए कि ‘हरा गमछा’ वालों को खोजो तो वह तुरंत हरे गमछे वाले को पकड़ लेगा। सीएम सम्राट के इस बयान को लेकर प्रदेश में खूब सियासत भी देखने को मिला। वहीं, अब मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है।

रसोईयों में भी लगवाइए कैमरा

राजद सांसद सुधाकर सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर अपना एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हरा गमछा वालों को ढूंढने के लिए AI enabled कैमरा लगाने की बात कर रहे हैं। अगर कैमरा लगाना ही है, तो मुख्यमंत्री जी उन घरों में लगवाइए, जहां महंगाई के कारण चूल्हा जला या नहीं जला, यह पता चल सके। कैमरा लगाइए उन रसोईयों में जहां गैस सिलेंडर के अभाव में खाना बना या नहीं बना।

अस्पताल और अंचल कार्यालयों में लगवाइए कैमरा

सुधाकर सिंह ने कहा कि, कैमरा अंचल कार्यालयों में भी लगाइए, ताकि जनता देख सके कि बिना घूस दिए कौन सा काम हो रहा है? वृद्धा पेंशन से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र तक में “सेवा शुल्क” वसूला जा रहा है, दाखिल खारिज भी बिना घुस दिए नहीं होता है, उस पर भी AI से नजर रखिए। कैमरा लगाइए, ताकि पता चले कितने युवा डिग्री लेकर लाइन में खड़े हैं और कितने नौकरी के इंतज़ार में उम्र गुज़ार रहे हैं।

सरकार को सिर्फ दिख रहा हरा गमछा

राजद सांसद ने कहा कि, मुख्यमंत्री जी कैमरा अस्पतालों में लगाइए, जहां इलाज से पहले “सिफारिश” और “पैसा” पूछा जाता है। स्कूलों में लगाइए, जहां शिक्षक कम और सरकारी प्रचार ज़्यादा पहुंचता है, लेकिन नहीं…सरकार को गरीब की थाली, किसान की बदहाली और बेरोजगार की खाली जेब नहीं दिखती। सरकार को बस हरा गमछा दिख रहा है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की राजद सांसद के इस प्रतिक्रिया पर बीजेपी नेताओं की ओर से क्या जवाब आता है।

ये भी पढ़ें- ​सीएम सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा: राष्ट्रपति से होगी मुलाकात, विकास योजनाओं पर करेंगे बात