Bihar News: मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने जदयू को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान आज बुधवार को उन्होंने जदयू के अंदर चल रहे कथित विवाद पर कहा कि, आग लग चुकी है। किसी ने उसमें पलीता लगा दिया है। जदयू पार्टी नाम की अब कोई चीज नहीं रह गई है। साथ ही उन्होंने पूर्व सीएम नीतीश कुमार और उनके बेटे व स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को अभी भी संभल जाने की नसीहत दी है कि अभी भी उन्हें स्थिति को समझ लेनी चाहिए।
RLM में टूट को लेकर कही ये बात
वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के तीन विधायकों के टूटने के सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि, विधायक टूटेंगे नहीं तो और क्या होगा? भाई वीरेंद्र ने कहा कि, उपेंद्र कुशवाहा को जब मौका मिलता है, तो वह अपनी पत्नी को विधायक बनाते हैं, मौका मिलने पर अपने बेटे को मंत्री बनाते हैं और मौका मिलने पर खुद राज्यसभा चले जाते हैं। इससे विधायकों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश आना स्वाभाविक है और अब जैसा उन्होंने किया है, वैसा ही परिणाम उनके सामने आ रहा है।
नीतीश को स्वीकार करनी चाहिए चुनौती
प्रशांत किशोर ने कल मंगलवार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया था। पीके ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार को चुनौती देते हुए यह कहा था कि, अगर वह नीरज कुमार के समर्थन में वीडियो जारी कर वोट देने की अपील करते हैं तो वह नीरज कुमार के खिलाफ अपना उम्मीदवार वापस ले लेंगे। इसपर भाई वीरेंद्र ने कहा कि, नीतीश कुमार को इस चुनौती को स्वीकार करना चाहिए और नीरज कुमार के पक्ष में वीडियो जारी करना चाहिए।
तेजस्वी के लोकभवन मार्च पर कही ये बात
वहीं, 8 अक्तूबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि, लोक भवन मार्च का जो कार्यक्रम बना है, देश में बड़ी ही भयावह स्थिति है। जो संवैधानिक पद पर बैठे लोग हैं, वे सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। अब संवैधानिक पद की गरिमा को लोगों ने खो दिया है। इसलिए हम लोग महामहिम राज्यपाल के यहां तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विधानमंडल के सभी सदस्य और सांसद मार्च करेंगे और महामहिम से मेमोरेंडम देने का काम करेंगे।
ये भी पढ़ें- फरक्का संधि का नवीनीकरण हुआ तो बिहार बर्दाश्त नहीं करेगा! मंत्री निशांत कुमार के तीखे तेवर से सियासी हलचल तेज

