कुंदन कुमार, पटना। इंडिया गठबंधन के नेताओं के द्वारा आज दिल्ली में वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और पटना में कल वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर राष्ट्रीय जनता दल ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि जिस तरीके से घर से, होटल से लोगों को उठाया जा रहा है। यह स्थिति आपातकाल से भी बुरी स्थिति है। आपातकाल में भी इस तरह की हालत नहीं हुई थी। भाई वीरेंद्र ने कहा कि, इस सरकार को समझ में नहीं आ रहा कि यह सरकार क्या करने जा रही है। लेकिन इस देश की जनता और इस देश का युवा इस सरकार को कान पड़कर हटाएगी और इस सरकार की स्थिति सद्दाम हुसैन से भी बुरी होने वाली है।
एनडीए के मेगा शो से नहीं पड़ेगा फर्क- भाई वीरेंद्र
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर कल से एनडीए के मेगा शो पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि, मेगा शो करने दीजिए कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमारा वोटर पूरी तरह एग्जिट है। हम लोग चुनाव जीत रहे हैं। एनडीए के मेगा शो करने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।
बाढ़ पीड़ित परिवारों को 7 हजार राशि देने पर कही ये बात
बिहार सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ित परिवारों को आज फिर से 7000 रुपये की राशि देने पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि, यह सब उनका अधिकार है। बहुत लेट में मिल रहा है। सरकार को पहले ही देना चाहिए था। सरकार प्रचार करने के लिए यह सब करवाती है।
सीएम सम्राट चौधरी आज सोमवार (12 अक्टूबर) को बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए दूसरे चरण की सहायता राशि जारी करेंगे। मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित 1,60,201 परिवारों के बैंक खातों में 7 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 112.14 करोड़ रुपये की अनुग्रहिक राहत राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजेंगे।
बता दें कि इससे पहले सम्राट सरकार ने 15 सितंबर 2026 को पहले चरण के तहत 8,27,472 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में 7 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की राहत राशि भेजी गई थी। अब दूसरे चरण में पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दोनों मिलकर हमपर केस कर देगा- भाई वीरेंद्र
वहीं, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच उठे विवाद पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि, हमसे मत बोलो यह हम बोलेंगे तो फिर दोनों मिलकर हम पर अनुसूचित जाति, जनजाति मामले में केस कर देगा। इसीलिए मैं ज्यादा इस पूरे मामले में नहीं बोलना चाहता हूं। यह उन दोनों का मामला है।
वहीं, प्रशांत किशोर-नीरज विवाद पर उन्होंने कहा कि यह उन दोनों दलों का मामला है। वह दोनों दल जाने। हमारा सीधा यही कहना है कि हम लोग इन दोनों पर भारी हैं और हम लोग चुनाव जीत रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ‘हम तुम्हारी गोली और गाली से नहीं डरते’, जेपी जयंती पर तेजस्वी यादव का केंद्र पर हमला

