कुंदन कुमार, पटना। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की कल रविवार 11 अक्टूबर को 124वीं जयंती मनाई गई। जेपी नारायण की जयंती पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान हुई गिरफ्तारियां और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

तेजस्वी ने कहा कि, यह बड़े शर्म की बात है कि लोकनायक की जयंती के 1 दिन पहले बर्बरता से लोकतांत्रिक, संवैधानिक और शांतिपूर्ण आंदोलन को लाठी, गोली और गाली के सहारे बर्बरता से कुचला गया। अपने हक की आवाज उठाने दिल्ली आ रहे देशवासियों को अपने ही देश में सरकारी मशीनरी और पुलिस बल के सहारे रोका गया। अघोषित आपातकाल वाली स्थिति देश भर में लागू है।

साथ ही तेजस्वी यादव ने कहा कि, आज जयप्रकाश नारायण जी की जयंती पर हम यह प्रण लेते हैं कि इस अहंकारी, तानाशाही और अलोकतांत्रिक सरकार को जब तक जड़ से उखाड़ न फेंके तब तक शांति से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि, कान खोलकर साफ साफ सुन लो; हम तुम्हारी गोली से नहीं डरते। तुम्हारी गाली से नहीं डरते। तुम्हारे मशीनरी और प्रपंचों से नहीं डरते। राष्ट्रकवि दिनकर जी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के सम्मान में जो लिखा वह अब सड़कों पर दिखेगा।

“लौटे तुम रूपक बन स्वदेश की
आग भरी कुरबानी का,
अब “जयप्रकाश” है नाम देश की
आतुर, हठी जवानी का।”

तेजस्वी यादव ने कहा कि, देश का बच्चा बच्चा जयप्रकाश नारायण बन कर तुम्हारे इस असंवैधानिक, अलोकतांत्रिक और वोट चोरी की नींव पर खड़ी सियासत को मिट्टी में मिला देने सड़कों पर निकल चुका है।

तेजस्वी यादव ने अपने एक अन्य बयान में कहा कि, पूरा देश RSS की गुंडागर्दी देख रहा है। अंग्रेजों के सामने जिनकी पेंट गीली हो जाती थी वो RSS के गुंडे पुलिस के सहयोग से अब सरेआम हमारी बहन बेटियों को पीट रहे है। ये संघी हमेशा महिला विरोधी रहे है। इस गुंडागर्दी पर मोहन भागवत क्या कहेंगे?

तेजस्वी ने कहा कि, एक बेईमान आदमी ज्ञानू गुप्ता को बचाने के लिए पूरे देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया है। उसके लिए नया कानून बना दिया गया है। ये बेईमानी भी कर रहे है, सीनाजोरी भी कर रहे है, राष्ट्रद्रोह भी कर रहे है फिर भी निडरता से लोकतंत्र को कुचल रहे है। मोदी जी को यह सब करने के लिए किन अदृश्य शक्तियों का समर्थन हासिल है? लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हम हर कुर्बानी देने के लिए तैयार है।

ये भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ पीड़ितों को आज मिलेंगे 7-7 हजार रुपये, CM सम्राट जारी करेंगे दूसरी किस्त