गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई त्रासदी में मौतों का आंकड़ा रविवार को बढ़कर 13 हो गया है। भावनगर के सिविल अस्पताल और निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दो और पीड़ितों की मौत के बाद यह संख्या बढ़ी है। फिलहाल तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।
38% से ज्यादा मिला जहरीला मेथेनॉल
फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की जांच रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ितों द्वारा पी गई शराब में 38.59% अत्यंत जहरीला मेथेनॉल (Methanol) और महज 0.94% इथेनॉल था। कुल 67 लोगों द्वारा इस जहरीली शराब का सेवन करने की पुष्टि हुई है। जांच के दौरान पुलिस ने 24 अन्य लोगों को ट्रेस कर उनका मेडिकल कराया, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आई है। बूटलेगर्स ने इस नकली शराब को नामी IMFL (इंडियन मेड फॉरेन लिकर) ब्रांड की बोतलों में पैक करके सप्लाई किया था।
13 आरोपी गिरफ्तार, शराब बनाने वाले की भी मौत
वरतेज पुलिस स्टेशन में 21 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिनमें से 13 को गिरफ्तार कर 10 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी गौतम सोलंकी ने अपने घर (वरतेज) में उज्जैन (मध्य प्रदेश) निवासी रईस की मदद से यह जहरीली शराब तैयार की थी। गिरोह में शामिल एमपी के नरेंद्र यादव की भी खुद यही जहरीली शराब पीने से मौत हो चुकी है।
SMC करेगी पूरे मामले की जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुजरात पुलिस की विशेष शाखा ‘स्टेट मॉनिटरिंग सेल’ (SMC) को जांच सौंप दी गई है। पुलिस की विशेष टीमें मध्य प्रदेश और दिल्ली भेजी गई हैं, जहां से केमिकल और बोतलों को सील करने वाले उपकरण सप्लाई किए गए थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

