भिवानी के रोहतक गेट पर एक दुकान में खाना बनाते समय अचानक कड़ाही में आग लग गई। प्रशासनिक तत्परता और स्थानीय दुकानदारों के प्रयास से घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
अजय सैनी, भिवानी। जिले के व्यस्त रोहतक गेट स्थित एक चाट भंडार में बुधवार को खाना तैयार करते समय अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। घटना उस वक्त हुई जब तेल की कड़ाही में छोक लगाते समय लपटें उठने लगीं और दुकान की खिड़कियों से धुआं बाहर निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए आसपास के दुकानदारों ने तुरंत साहस दिखाया और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी अप्रिय घटना या जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही पहुंची दमकल टीम
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम ने मामले का संज्ञान लिया और तुरंत फायर ऑब्जर्वर को मौके पर भेजा। हालांकि, दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही स्थानीय नागरिकों ने आग को शांत कर दिया था। मौके पर पहुंचे फायर स्टेशन ऑब्जर्वर ने स्पष्ट किया कि उनके पास ‘डायल 112’ से कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई थी, बल्कि एसडीएम महोदय द्वारा फोटो भेजकर सूचित किए जाने पर वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह एक ‘स्मॉल फायर’ थी, जो कड़ाही में काम के दौरान लगी थी। प्रशासन की इस त्वरित प्रतिक्रिया की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
फायर विभाग की अपील और वर्तमान स्थिति
फायर स्टेशन ऑब्जर्वर ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है। उन्होंने दुकानदारों और आम जनता से अपील की है कि गर्मी के बढ़ते मौसम में बिजली के उपकरणों और तार आदि की नियमित जांच करते रहें। ज्यादा लोड वाले यंत्रों का उपयोग सावधानीपूर्वक करें ताकि शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग जैसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल, चाट भंडार में सब कुछ सामान्य है और प्रशासन ने भविष्य के लिए सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

