भिवानी कोर्ट परिसर में एक वकील की सीट से 2 लाख 4 हजार रुपये और आईफोन से भरा बैग चोरी हो गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजय सैनी भिवानी। कोर्ट परिसर से एक एडवोकेट का पैसों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित एडवोकेट भीम सिंह तोगड़िया ने इस संबंध में सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, चोर ने न केवल लाखों की नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि मोबाइल फोन और कई जरूरी दस्तावेज भी ले उड़ा। कोर्ट जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर दिन-दिहाड़े हुई इस चोरी के बाद वकीलों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाखों की नकदी और आईफोन गायब
पीड़ित वकील भीम सिंह तोगड़िया ने बताया कि वह पिछले 13 साल से प्रैक्टिस कर रहे हैं। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने बैग के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे थे। उनका चैंबर ओपन सीट के रूप में बना हुआ है, जहाँ वह अपना लाल रंग का बैग रखकर कोर्ट के काम में व्यस्त हो गए। दोपहर करीब 12:30 बजे जब उन्होंने वापस आकर देखा, तो बैग वहां से नदारद था। बैग में 2 लाख 4 हजार रुपये की बड़ी नकदी, एक आईफोन, गाड़ी की आरसी, 8-10 बैंकों की पासबुक, एलआईसी की रसीद, वोटर कार्ड और पैन कार्ड जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध
वारदात के बाद जब कोर्ट परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में बैग लिए हुए दिखाई दिया है। पुलिस ने इस फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भीम सिंह ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनका सामान बरामद किया जाए। सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर चोर की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

